Maharashtra Crime News: शराब विवाद में परिवार तबाह, मासूम बेसहारा

गंभीर रूप से झुलसी महिला कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही, लेकिन अंततः इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले से एक दिल दहला देने वाली घरेलू हिंसा की घटना सामने आई है, जहां शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक पति ने अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही, लेकिन अंततः इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना गड़चिरोली तहसील के पोर्ला गांव में 16 दिसंबर 2025 की सुबह हुई थी। मृतका की पहचान 26 वर्षीय प्रियंका सुशील बारसागडे के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम सुशील बारसागडे बताया गया है। जानकारी के मुताबिक प्रियंका मूल रूप से चंद्रपुर जिले के निलसनी पेडगांव की रहने वाली थी। उसने वर्ष 2018 में परिजनों की मर्जी के खिलाफ सुशील से प्रेम विवाह किया था।

शादी के शुरुआती वर्षों में दोनों का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन समय के साथ सुशील को शराब की लत लग गई। इसी वजह से घर में आए दिन झगड़े होने लगे। 16 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे सुशील ने प्रियंका से शराब के लिए पैसे मांगे। प्रियंका द्वारा इनकार करने पर उसने उसके साथ मारपीट की और घर में रखे करीब दो हजार रुपये लेकर चला गया।

कुछ समय बाद सुशील दोबारा घर लौटा। उस वक्त प्रियंका घरेलू कामों में व्यस्त थी। आरोप है कि घर पहुंचते ही सुशील ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। प्रियंका की चीख-पुकार सुनकर उसकी पांच वर्षीय बेटी सुप्रिया जोर-जोर से रोने लगी, जिसकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। तब तक प्रियंका करीब 40 से 50 प्रतिशत तक जल चुकी थी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने लोगों को गुमराह करने के लिए आग बुझाने का नाटक भी किया। गंभीर हालत में प्रियंका को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे नागपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कई हफ्तों तक चले इलाज के बावजूद 20 जनवरी को प्रियंका ने दम तोड़ दिया।

मृत्यु से पहले प्रियंका ने अपने पिता अशोक बोलदवार को पूरी घटना की जानकारी दी थी। पिता की शिकायत के आधार पर गड़चिरोली पुलिस ने सुशील बारसागडे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। 21 जनवरी को प्रियंका का अंतिम संस्कार उसके मायके में किया गया। उसी दिन पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद कोर्ट ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। प्रियंका और सुशील की दो बेटियां हैं—एक की उम्र पांच साल है, जबकि दूसरी मात्र तीन महीने की। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद दोनों बच्चियां बेसहारा हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, तीन माह की बच्ची को फिलहाल जिला अस्पताल के शिशुगृह में रखा गया है। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और नशे की लत के भयावह परिणामों को उजागर करती है।

यह भी पढ़ें: Couple Train Bathroom Video: ट्रेन के टॉयलेट में कपल, वीडियो वायरल

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!