गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे बदमाशों ने तोड़ा ताला, 15 लाख के जेवरात चोरी
राजधानी दिल्ली के विजय विहार थाना इलाके में चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है।जहां दो बदमाश अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने एमसीडी...

राजधानी दिल्ली के विजय विहार थाना इलाके में चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है।जहां दो बदमाश अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने एमसीडी कॉलोनी पहुंचे थे, लेकिन वहां एक मकान पर ताला लगा देख उनकी नीयत बदल गई। दोनों ने मौका पाकर घर का ताला तोड़ा और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घर से करीब 15 लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी आफताब उर्फ सांभा (23) और नबी हुसैन (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया कटर भी जब्त किया गया है।
रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल के अनुसार, 30 अप्रैल को रोहिणी सेक्टर-4 निवासी राहुल ने अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। जब वह वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखा कीमती सामान गायब था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी व सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को सेक्टर-1 रोहिणी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दोनों की गिरफ्तारी से करीब सात पुराने मामलों का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि आरोपी आफताब पहले से 17 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि नबी हुसैन का नाम भी एक अन्य मामले में सामने आ चुका है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी के बाद वह अपनी गर्लफ्रेंड पर जमकर पैसे खर्च करते थे। फिलहाल पुलिस दोनों से आगे की पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।









