Murder in Narela: घर से निकला युवक नहीं लौटा, नरेला में गला रेतकर हत्या
जानकारी के अनुसार विक्की मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ नरेला के मेट्रो विहार इलाके में रहता था।

Murder in Narela: दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां घर से टहलने के लिए निकले एक 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विक्की के रूप में हुई है। उसका शव बृहस्पतिवार को बवाना सेक्टर-5 के ई-ब्लॉक में झाड़ियों के बीच मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार विक्की मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ नरेला के मेट्रो विहार इलाके में रहता था। उसके परिवार में पिता रघुवीर सिंह, मां संगीता और दो भाई नीरज व धीरज हैं। विक्की नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में माल ढोने के लिए ऑटो चलाने का काम करता था।
परिजनों ने बताया कि 26 जनवरी को छुट्टी होने के कारण विक्की घर पर ही था। रात करीब आठ बजे उसने पिता से टहलकर आने की बात कहकर घर छोड़ा, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजन चिंतित हो गए। अगले दिन भी उसकी तलाश की गई और दोस्तों व जान-पहचान वालों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
आखिरकार 28 जनवरी को परिजनों ने नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में विक्की की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों बाद पुलिस को बवाना सेक्टर-5 इलाके में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विक्की के रूप में की। जांच में सामने आया कि उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। घटनास्थल पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने सबूत जुटाए। शुरुआती जांच में पुलिस को आपसी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका है।
परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर हत्या का शक जताया है। उनका आरोप है कि विक्की का उस युवक से पहले भी झगड़ा हो चुका था और दिवाली के दिन विवाद के दौरान जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजनों ने पुलिस से संदिग्ध युवक से पूछताछ करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Delhi Commando Murder: कमांडो काजल की दहेज हत्या व आखिरी कॉल









