Murdered in Rajiv Chowk: कनॉट प्लेस में कारोबारी की पीट-पीट कर हत्या
दिल्ली के सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल इलाकों में शामिल कनॉट प्लेस से एक चौंकाने वाली आपराधिक घटना सामने आई है।

Murdered in Rajiv Chowk: दिल्ली के सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल इलाकों में शामिल कनॉट प्लेस से एक चौंकाने वाली आपराधिक घटना सामने आई है। यहां 36 वर्षीय कारोबारी पर कथित तौर पर फूड डिलीवरी से जुड़े कुछ लोगों ने बेरहमी से हमला किया, जिसके चलते कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान शिवम गुप्ता के रूप में हुई है, जो पेशे से कारोबारी थे। जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 जनवरी की रात की है। शिवम अपने एक दोस्त के साथ कनॉट प्लेस में आयोजित एक पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। पार्टी के बाद जब वह बाहर निकले, तो राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के नजदीक उनका फूड डिलीवरी कंपनी से जुड़े कुछ कर्मचारियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि शिवम ने वहां मौजूद एक डिलीवरी प्रतिनिधि से पानी मांगा था, इसी दौरान बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने शिवम पर हमला कर दिया। एक व्यक्ति ने उनके सिर पर हेलमेट से कई बार वार किया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें घूंसे और लातों से पीटा। गंभीर रूप से घायल शिवम वहीं गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद शिवम को घायल अवस्था में लोक नायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के चलते बाद में उन्हें राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल रेफर किया गया। करीब 17 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 19 जनवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुरुआत में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ धाराओं में बदलाव या इजाफा किया जा सकता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है। यह वारदात राजधानी के पॉश इलाके में हुई, जिससे आम लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Diabetes Awareness: शरीर नहीं देता संकेत, फिर भी बढ़ती है ब्लड शुगर









