Narela Crime: जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रॉपर्टी डीलर की मौत!
सुबह के वक्त अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और मृतक के परिचितों व...

Narela Crime: दिल्ली के नरेला इलाके में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बांकनेर गांव में एक जिम के बाहर हुई, जहां सुबह के वक्त अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और मृतक के परिचितों व रिश्तेदारों ने हंगामा किया।
मृतक की पहचान हरियाणा के राई विधानसभा क्षेत्र के नहरिया गांव निवासी प्रमोद कुमार के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह सुबह जिम करने के लिए नरेला पहुंचे थे। जिम से बाहर निकलते ही बाइक पर आए हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और कई गोलियां चला दीं। फायरिंग में प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई दिनों से रंगदारी की धमकी मिलने का दावा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रमोद कुमार को पिछले कुछ दिनों से कथित तौर पर रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं। उन्हें जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। इसी वजह से वह नरेला में अपने एक परिचित की बुलेटप्रूफ गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे। प्रमोद कुमार का मुकुल प्रॉपर्टी नाम से कार्यालय बताया गया है। इसके अलावा उनके गांव में एक बैंक्वेट हॉल भी है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे रंगदारी से जुड़े एंगल समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
सुबह करीब 6 बजे हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक प्रमोद कुमार सुबह करीब छह बजे जिम पहुंचे थे। जिम से बाहर निकलते समय बाइक सवार हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
हत्या के बाद इलाके में तनाव
वारदात की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के रिश्तेदारों और दोस्तों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हमलावरों की तलाश जारी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले साक्ष्यों तथा मृतक को पहले मिली कथित धमकियों को जांच का आधार बनाकर मामले की पड़ताल कर रही है।









