Neb Sarai firing: बदला लेने के लिए मारी गोली, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

दक्षिण दिल्ली के नेबसराय थाना क्षेत्र में एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी।

Neb Sarai firing:  दक्षिण दिल्ली के नेबसराय थाना क्षेत्र में एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। खानपुर निवासी राजेश को बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मार दी। गोली उनके बाजू को छूते हुए पसलियों में जाकर फंस गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के बाद अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात बुधवार शाम करीब चार बजे की है। हमलावर बाइक पर आए थे और अपनी पहचान छिपाने के लिए काला हेलमेट और रेनकोट पहने हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर नेबसराय थाने की टीम ने तेजी से कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस बदरपुर तक पहुंची, जहां एक आरोपी ने अपना हेलमेट उतारा था। इसी दौरान उसका चेहरा कैमरे में कैद हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रवीण की पहचान की और करीब 12 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि प्रवीण और पीड़ित राजेश एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच पुरानी रंजिश थी। करीब दो महीने पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जबकि एक साल पहले राजेश ने प्रवीण की पिटाई की थी। इसी का बदला लेने के लिए प्रवीण ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी केवल एक ही गोली चला पाया, जबकि दूसरी गोली फायर नहीं हो सकी। वारदात के बाद दोनों बदरपुर की ओर भाग गए थे। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके फरार साथी की तलाश जारी है।

इसी बीच, दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके में 9 मार्च को हुए निखिल नागर हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी इलाके में ही छिपा हुआ है, लेकिन अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। दोनों मामलों को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: Ramadan 2026: रमजान का चांद दिखते ही पढ़ें ये खास दुआ और जानें अर्थ

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!