जहांगीरपुरी में पुलिसकर्मी ने युवती को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल, जांच शुरू
उत्तर पश्चिम जिला उपायुक्त उषा रंगनानी ने इस मामले में बयान जारी कर कहा है, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है जिसमें कुछ पुलिस...

देश की राजधानी दिल्ली का एक वीडियो बुधवार से सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, वीडियो में दिल्ली पुलिस का शर्मनाक चेहरा नजर आता है। इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई पुलिसकर्मी एक पुरुष और एक युवती को थप्पड़ जड़ रहे हैं।
हालांकि पुलिस का इसे लेकर कुछ और ही दावा है। दिल्ली उत्तर पश्चिम जिला उपायुक्त उषा रंगनानी ने इस मामले में बयान जारी कर कहा है, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है जिसमें कुछ पुलिस कर्मियों को एक पुरुष और साथ ही एक युवती के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करते हुए वीडियो में दिखाया गया है।
इस मामले में शुरुआती तथ्यों का सत्यापन किया गया और फिर पाया गया कि दिनांक 31 दिसंबर और दिनांक 1 जनवरी की दरम्यानी रात के वक्त दिल्ली के थाना जहांगीरपुरी के पुलिस कर्मचारी इलाके में गश्त कर रहे थे। रात लगभग 12.30 बजे उन्होंने यह देखा कि जहांगीरपुरी के एच ब्लॉक में कई लोग मिलकर उपद्रव कर रहे हैं। उनमें से कुछ लोग शराब के नशे में थे और साथ ही सार्वजनिक स्थान खाली करने के निर्देश पर वे उत्तेजित हो गए और फिर पुलिस कर्मचारियों को उन्होंने गाली देना शुरू कर दिया।
उनमें से एक पुरुष और एक युवती ने दिल्ली पुलिस के एक एएसआई का कॉलर खींचा और फिर उसे थप्पड़ मारा और इसके साथ-साथ वर्दी में अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। स्थिति को नियंत्रित किया गया और फिर 26 वर्ष के एक व्यक्ति अमित चौधरी निवासी जहांगीर को सीआरपीसी की धारा 107/151 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और फिर व्यक्ति का मेडिकल कराया गया। उनके एमएलसी के मुताबिक, यह पुष्टि की गई थी कि व्यक्ति शराब के नशे में थे।
डीसीपी रंगनानी ने इस मामले में आगे कहा कि, सभी तथ्यों को विस्तार से सत्यापित करने के लिए इस मामले में एक सतर्कता जांच शुरू की गई है और साथ ही स्थानीय पुलिस को अगर कोई भी गड़बड़ी हो तो उसके संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए निर्देशित किया गया है। इस मामले में आगे की पूछताछ जारी है।
ये भी पढ़े: पुलिस से बदसलूकी के आरोप में पूर्व कांग्रेस विधायक आसिफ खान गिरफ्तार










