किताबें बाहर से खरीदने पर भड़की प्रिंसिपल, अभिभावक से की बदसलूकी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल की प्रिंसिपल एक महिला को डांटते और अपमानित करते हुए नजर आ रही हैं, जिससे मामला तूल पकड़ गया।

हरदोई।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एसपी तिराहा स्थित न्यू सनबीम पब्लिक स्कूल में एक अभिभावक के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल की प्रिंसिपल एक महिला को डांटते और अपमानित करते हुए नजर आ रही हैं, जिससे मामला तूल पकड़ गया। इस पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने तीन सदस्यीय टीम गठित की है, जिसमें खंड शिक्षा अधिकारी भी शामिल हैं, और स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि घटना 24 अप्रैल की है, जब न्यू सिविल लाइन निवासी अंश कुमार वर्मा की पत्नी नीलम वर्मा अपनी यूकेजी में पढ़ने वाली बेटी अलीशा को लेने स्कूल पहुंची थीं। नीलम वर्मा के अनुसार, उन्होंने पहले ही स्कूल द्वारा निर्धारित कोर्स खरीद लिया था, लेकिन बाद में स्कूल प्रबंधन ने ₹1200 की चार कॉपियां केवल स्कूल से ही खरीदने का दबाव बनाया। उनकी बेटी कई दिनों से बिना होमवर्क के घर लौट रही थी। जब उन्होंने इसकी वजह पूछी, तो बच्ची ने बताया कि नई कॉपियां न होने के कारण उसे काम नहीं दिया जा रहा।
इसी समस्या को लेकर और थोड़े समय की मोहलत मांगने के लिए नीलम वर्मा प्रिंसिपल ममता मिश्रा से मिलने पहुंचीं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बातचीत के दौरान प्रिंसिपल का रवैया आक्रामक हो गया और महिला को लगातार डांटा गया। पीड़िता का आरोप है कि उन्हें ‘गंवार’ और ‘मूर्ख’ जैसे आपत्तिजनक शब्द कहे गए और सबके सामने अपमानित किया गया। इतना ही नहीं, उनके बच्चे का नाम स्कूल से काटने की धमकी भी दी गई।
इस घटना ने न सिर्फ एक मां की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नीलम वर्मा ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराते हुए मांग की है कि प्रिंसिपल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि वह पैसे देने से इनकार नहीं कर रही थीं, बल्कि सिर्फ थोड़ा समय चाहती थीं।
वहीं, मामला बढ़ता देख प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने भी एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि संबंधित स्कूल को वर्ष 2009 में मान्यता दी गई थी और 2014 में कक्षा 6 से 8 तक की स्वीकृति भी मिली थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम या अन्य नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो स्कूल की मान्यता पर भी कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल, गठित टीम को सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े : दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप, जल्द ही बदलेगा मौसम मिज़ाज









