चोरी में मदद करने से किया इनकार तो चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर
मामले में पुलिस ने लूटपाट के वक्त जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच में जुटी...

राजधानी दिल्ली के बाड़ा हिन्दूराव इलाके में पुलिस चौकी के पास तीन युवकों ने मोबाइल, रुपये, आधार और पैन कार्ड लूटने के बाद अपने एक जानकार युवक को चाकू मार दिया। आरोपी युवक को स्कूटी चोरी करने में उनकी मदद करने के लिए कह रहे थे, लेकिन युवक ने आरोपियों को मना कर दिया तो आरोपी इस बात से भड़क गए।
जख्मी हालत में 23 साल के समीर को बाड़ा हिन्दूराव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने लूटपाट के वक्त जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच में जुटी है। साथ ही आरोपी, ईशान, अमान व अनस की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, ठेले वाली गली, आजाद मार्केट निवासी पीड़ित समीर मोबाइल के कवर बेचने का कार्य करता है। शाहजहांपुर में पीड़ित का काम है। सप्ताह में एक या फिर दो दिन के लिए वह अपने घर आता है। रविवार के दिन वह घर आया था। रमजान के कारण वह रात के वक्त इबादत करने के लिए अपने घर के पास छोटी मस्जिद में रुक गया। सोमवार सुबह लगभग 7:20 बजे वह मस्जिद से अपने घर के लिए निकला।
रास्ते में ही पुलिस चौकी के पास पीड़ित को ईशान, अमान व अनस मिले। तीनों ने पीड़ित से कहा कि वह स्कूटी चोरी करने जा रहे हैं और स्कूटी चोरी करने में वह उनकी मदद करे, लेकिन समीर ने आरोपियों को साफ मना कर दिया। इस दौरान कहासुनी के बाद आरोपियों ने पीड़ित से 2350 रुपये, मोबाइल, आधार, पैन कार्ड और उसका अन्य सामान लूट लिया। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपी ईशान ने चाकू निकालकर उसके सीने, पेट और हाथ में लगभग छह वार कर दिए। घायल समीर खुद ही एक ऑटो में बैठकर हॉस्पिटल पहुंचा, जहां समीर अचेत हो गया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर समीर को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। बाद में पुलिस ने पीड़ित समीर के परिजनों के बयान लेकर इस मामले में केस दर्ज कर लिया।
ये भी पढ़े: छठी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, बेटी ने पिता व परिजनों पर लगाए ये आरोप










