करोल बाग इलाके में महज एक रोटी के लिए रिक्शा चालक की हत्या।
मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में महज एक रोटी के लिए बदमाश ने रिक्शा चालक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त मुन्ना...

दिल्ली के करोल बाग इलाके में महज एक रोटी के लिए बदमाश ने रिक्शा चालक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त भिंड, मध्य प्रदेश निवासी मुन्ना (40) के रूप में हुई है।
पुलिस ने हत्या की गुत्थी को महज छह घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पहचान फिरोज खान उर्फ मन्नू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस को मंगलवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि बीडनपुरा गली नंबर-35 में एक आदमी बेहोश पड़ा है। टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को आरएमएल अस्पताल ले जाया जा चुका है। पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची तो जानकारी मिली कि पेट में चाकू लगने से युवक की मौत हो चुकी है।
अस्पताल में मिले चश्मदीद लाखन ने बताया कि मृतक उसका दोस्त मुन्ना था। लाखन और मुन्ना दोनों रिक्शा चलाते थे और रात को दोनों पटरी पर सो जाते थे।
मंगलवार रात को दोनों ढाबे से खाना लेकर अपने ठिकाने पर पहुंचे और खाना खाने लगे। तभी वहां पर नशे की हालत में एक युवक पहुंचा। उसने मुन्ना से रोटी मांगी। मुन्ना ने अपने खाने में से एक रोटी उसे दे भी दी, लेकिन वह एक और रोटी मांगने लगा। मना करने पर अचानक आरोपी आग बबूला हो गया।










