जाफराबाद में स्कूटी टक्कर का विवाद बना गोलीकांड, तीन गिरफ्तार
दिल्ली के जाफराबाद इलाके में शुक्रवार शाम मामूली सड़क विवाद ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया। स्कूटी की टक्कर से शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में...

जाफराबाद में स्कूटी टक्कर का विवाद बना गोलीकांड, तीन गिरफ्तार
दिल्ली के जाफराबाद इलाके में शुक्रवार शाम मामूली सड़क विवाद ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया। स्कूटी की टक्कर से शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में गोलीबारी तक पहुंच गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
स्कूटी की हल्की टक्कर से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे की है। गली नंबर 37 में रहने वाला 21 वर्षीय अरमान घर के पास खड़ा था, तभी एक नाबालिग युवक स्कूटी लेकर वहां से गुजर रहा था। स्कूटी अरमान से हल्के से टकरा गई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर अरमान और उसके चचेरे भाई ने नाबालिग को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। नाबालिग वहां से जाते समय धमकी देकर चला गया। कुछ देर बाद नाबालिग अपने पिता यूसुफ और भाई यासिर के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। आते ही तीनों ने अरमान और उसके भाई से झगड़ा शुरू कर दिया और मामला फिर से हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली किसी को नहीं लगी, मगर वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। स्थानीय लोग तुरंत बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी। फायरिंग की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
जाफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया । कुछ ही समय में पुलिस ने यूसुफ और उसके 18 वर्षीय बेटे यासिर और नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्तौल और दो खाली कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हथियार उनके पास कैसे आया ।
छोटी-सी गलती से कैसे भड़का बड़ा विवाद?
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि राजधानी में सड़क पर होने वाले छोटे-मोटे विवाद इतनी आसानी से हिंसा में क्यों बदल जाते हैं। दिल्ली में अवैध हथियारों की उपलब्धता और उनके दुरुपयोग को लेकर पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। जाफराबाद की यह घटना इस मुद्दे की गंभीरता को फिर से उजागर करती है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।









