Shocking Case: नशीला लड्डू खिलाकर ट्रेन से बच्चा चोरी, तीन गिरफ्तार

महिला यात्री को नशीला पदार्थ मिला लड्डू खिलाकर उसके 10 माह के बच्चे की चोरी करने के मामले में जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है।

नंदनकानन एक्सप्रेस में एक महिला यात्री को नशीला पदार्थ मिला लड्डू खिलाकर उसके 10 माह के बच्चे की चोरी करने के मामले में जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार देर रात बच्चे को सुरक्षित रूप से दादरी से बरामद कर लिया और इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो दादरी और एक बुलंदशहर का निवासी बताया जा रहा है।

यह घटना 15 जनवरी की है, जब अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र के जीवनगढ़ पुलिया निवासी मोहम्मद राजू खान की पत्नी मुन्नी बेगम अपने 10 माह के बेटे मोहम्मद इब्राहिम के साथ नंदनकानन एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं। उन्हें अपने मायके झारखंड के कोडरमा जाना था। यात्रा के दौरान कानपुर के पास एक युवक ने महिला को बातचीत में उलझाकर नशीला लड्डू खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान युवक बच्चे को लेकर ट्रेन से फतेहपुर स्टेशन पर उतर गया।

जब ट्रेन मीरजापुर स्टेशन के पास पहुंची तो महिला को होश आया और उसने अपने बच्चे को गायब पाया। इसके बाद उसने मीरजापुर जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला बाद में इटावा जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आगरा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आगरा, फतेहपुर, कानपुर, इटावा और अलीगढ़ की जीआरपी टीमों को जांच में लगाया गया।

संयुक्त टीम ने अलीगढ़ से मीरजापुर तक ट्रेन के ठहराव वाले सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में फतेहपुर स्टेशन पर एक युवक को बच्चे के साथ उतरते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया। पता चला कि आरोपी रेलवे ट्रैक पार कर स्टेशन से बाहर निकला और वहां से कानपुर के टाटमिल चौराहे तक गया। बाद में वह सड़क मार्ग से दादरी पहुंच गया।

क्राइम ब्रांच की मदद से जीआरपी की टीम ने दिल्ली, नोएडा और दादरी में कई जगह दबिश दी। मंगलवार रात दादरी से बच्चे को बरामद कर लिया गया और महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

रात में ही पुलिस बच्चे और आरोपियों को लेकर इटावा पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले का औपचारिक खुलासा बुधवार को इटावा में किया जा सकता है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि बच्चे को चोरी करने के पीछे उनका उद्देश्य क्या था।

यह भी पढ़ें: Traffic Alert: बार-बार नियम तोड़ने पर लाइसेंस सस्पेंड, जानें नया नियम

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!