दिल्ली में तेज रफ़्तार का कहर, IPL मैच देख लौट रहे भाइयों की मौत
अशोक रोड पर महादेव रोड टी-पॉइंट के पास हुए हिट एंड रन मामले में 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और उसके 14 वर्षीय चचेरे भाई अभाव भाटिया ने जान गंवा दी।

दिल्ली।
राजधानी दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई। अशोक रोड पर महादेव रोड टी-पॉइंट के पास हुए हिट एंड रन मामले में 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और उसके 14 वर्षीय चचेरे भाई अभाव भाटिया ने जान गंवा दी। दोनों आईपीएल मैच देखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि 14 वर्षीय अभाव ने मौत से कुछ मिनट पहले अपने पिता को फोन कर कहा था, “पापा, हम आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे।” परिजनों को अंदाजा भी नहीं था कि यह उसकी आखिरी आवाज होगी। कुछ देर बाद घर पहुंचने की जगह मौत की खबर पहुंच गई।
रात करीब 10:30 बजे पुलिस को पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यज्ञ बीएससी का छात्र था, जबकि अभाव स्कूल में पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल की स्थिति से साफ है कि टक्कर मारने वाला वाहन तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अशोक रोड व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फोरेंसिक जांच के लिए क्राइम टीम को भी बुलाया गया है। अशोक नगर निवासी भाटिया परिवार में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। मैच देखने की खुशी कुछ ही मिनटों में गम में बदल गई। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़े : पहाड़गंज में देर रात लगी भीषण आग, दिव्यांग बुजुर्ग की मौत, भाई घायल









