निहाल विहार में छात्र पर चाकू से हमला, मोबाइल और नकदी लूटा, जांच जारी
विक्की ने बताया कि नांगलोई सैनी एंक्लेव के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक के सामने अपनी बाइक लगाकर पहले तो उन्हें रोक लिया और फिर...

राजधानी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में बाइक लूटने का विरोध करने पर बदमाशों ने दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र पर चाकू से वार कर दिया। बदमाशों ने छात्र से नकदी और मोबाइल लूट लिया। बदमाश छात्र की बाइक भी लूटना चाहते थे। पीड़ित छात्र के बयान पर स्थानीय पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। हुलिए के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान कर रही है।
घायल छात्र की पहचान 19 वर्ष के विक्की कुमार के रूप में हुई है। छात्र अपने परिवार के साथ लक्ष्मी पार्क में रहता है। पीड़ित दिल्ली विश्वविद्यालय से दूरस्थ शिक्षा (स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग) से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। पढ़ाई के साथ ही शाम के वक्त शादी समारोह में वेटर का भी काम करता है। बृहस्पतिवार रात के वक्त वह अपने मित्र शैलेंद्र के साथ दिल्ली के भैरा एंक्लेव में आयोजित एक शादी समारोह में काम करने के लिए गया था, जहां से दोनों बाइक से घर की ओर लौट रहे थे।
विक्की ने बताया कि नांगलोई सैनी एंक्लेव के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक के सामने अपनी बाइक लगाकर पहले तो उन्हें रोक लिया और फिर तीनों बदमाश उनके पास आए और फिर जेब से पैसे और मोबाइल निकालने लगे। पीड़ित के विरोध करने पर एक बदमाश ने चाकू निकाल लिया, जिससे की वह डर गए।
बदमाशों ने उसके जेब से कुल पांच हजार रुपये और साथ ही मोबाइल फोन निकाल लिया, जबकि उसके साथी शैलेंद्र ने खुद ही अपना मोबाइल फोन और ढाई सौ रुपये बदमाशों के हवाले कर दिया और फिर उसके बाद बदमाश बाइक लूटने को लेकर आपस में कहासुनी करने लगे और इस दौरान एक बदमाश बाइक छीनने लगा, जिसका उसने विरोध किया। इससे गुस्साए बदमाश ने युवक के चेहरे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे घायल कर दिया।
हमला करने के दौरान ही एक ई-रिक्शा चालक वहां पहुंच गया, उसको देखते ही सभी बदमाश अपनी बाइक पर मौके से सवार होकर फरार हो गए। उसका साथी शैलेंद्र घायल विक्की को लेकर घर पहुंचा। बेटे की हालत देखकर पिता विनोद कुमार पास के में ले गए और घटना की सुचना पुलिस को दी। उस रात विक्की बयान देने की हालत में नहीं था। अगले दिन पुलिस पीड़ित विक्की के बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।
ये भी पढ़े: शादी की सालगिरह के दिन युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, ये है वजह










