कक्षा में मॉनिटर बनाए जाने के विवाद में छात्र को मारा चाकू, आरोपी हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी छात्र को अपनी हिरासत में ले लिया है और आरोपी छात्र के बाकी साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।

स्कूल की कक्षा में मॉनिटर बनाए जाने के चलते इतना ज्यादा विवाद हुआ कि नौवीं कक्षा के छात्रों ने अपने ही कक्षा के मॉनिटर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में 14 साल के छात्र को नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां छात्र का उपचार जारी है। यह वारदात राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी में स्थित मुकुंदपुर के एक सरकारी स्कूल के बाहर हुई।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी छात्र को अपनी हिरासत में ले लिया है। आरोपी छात्र के बाकी साथियों की पुलिस तलाश कर रही है। स्थानीय पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस के अनुसार, घायल छात्र अपने परिवार के साथ दिल्ली के मुकुंदपुर गांव में रहता है। घायल छात्र नजदीक के सरकारी स्कूल में नौवीं क्लास का छात्र है। आपको बता दे की कुछ दिनों पहले घायल छात्र को अपनी क्लास का मॉनिटर बनाया गया था।
इस बात को लेकर उसकी ही क्लास के अन्य दूसरे छात्र काफी नाराज हो गए थे। पिछले सप्ताह इस बात को लेकर दोनों के बीच में कहासुनी भी हुई थी। आरोप यह है कि शनिवार सुबह के वक्त छात्र अपनी मां के साथ स्कूल में पहुंचा था और फिर इसके बाद मां ने अपने बेटे को स्कूल के बाहर छोड़ा और फिर घर की तरफ लौटने लगी। अभी छात्र की मां घर नहीं पहुंची थी और इस दौरान स्कूल के ही कुछ बच्चों ने पीड़ित छात्र की मां को बताया कि कुछ स्कूल के बच्चो ने उनके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया हैं।
छात्र की मां ने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी और फिर स्कूल पहुंची। जब तक घायल छात्र को हॉस्पिटल ले जाया जा चुका था। जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी वहां पर पहुंच गई। वारदात के बाद से अभिभावकों में बहुत रोष है। इस मामले में छात्र के परिजनों का कहना था कि आए दिन स्कूल के अंदर और बाहर लड़ाई झगड़ा होता रहता है, लेकिन स्कूल के टीचर इस मामले को लेकर कुछ भी नहीं करते हैं।
ये भी पढ़े: नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, फिर फ्लैट में ले जाकर किया ये










