Sultanpuri Murder: लूट का विरोध पड़ा भारी, चाकू मारकर शख्स की हत्या
सुल्तानपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां लूटपाट का विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

Sultanpuri Murder: दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां लूटपाट का विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ ई-ब्लॉक सुल्तानपुरी में रहते थे।
परिवार के अनुसार, राजिंदर सिंह रोज की तरह तड़के करीब तीन बजे घर के पास स्थित पार्क में बीड़ी पीने के लिए गए थे। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उनके पास मोबाइल फोन और करीब एक हजार रुपये थे। जब उन्होंने विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अवस्था में राजिंदर किसी तरह अपने घर के पास तक पहुंचे और गिर पड़े। शोर सुनकर परिवार के लोग बाहर आए और उन्हें तुरंत पास के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल पर क्राइम और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शुरुआती जांच में सामने आया कि हमले के दौरान मृतक को कई गहरे घाव लगे थे, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान राज और करण के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर इस वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में एक आरोपी राज भी घायल हुआ है, जिसका इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात के पीछे लूटपाट या किसी विवाद की वजह हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
इधर, मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचने के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं मिला। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह घटना एक बार फिर राजधानी में बढ़ते अपराध और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









