Teen Murder in Tilak Nagar: क्रिकेट खेलने के विवाद में नाबालिग की हत्या

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद एक 15 वर्षीय किशोर की मौत पर खत्म हो गया।

Teen Murder in Tilak Nagar: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद एक 15 वर्षीय किशोर की मौत पर खत्म हो गया। मृतक की पहचान निशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे डीडीयू अस्पताल से पुलिस को एक किशोर की मौत की सूचना मिली। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि घायल अवस्था में लाए गए 15 वर्षीय लड़के को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निशांत अपने परिवार के साथ तिलक नगर में रहता था। उसके पिता की इलाके में चाय की दुकान है और परिवार में माता-पिता के अलावा तीन भाई हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि निशांत शाम के समय वुडलैंड पार्क में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान पहले बल्लेबाजी को लेकर उसका 12 वर्षीय लड़के से विवाद हो गया। विवाद के बाद सभी बच्चे अपने-अपने घर लौट गए। परिवार का आरोप है कि बाद में दो लड़के निशांत को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए।

कुछ समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि निशांत एक मॉल के पास अचेत अवस्था में पड़ा है। परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे डीडीयू अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर तीन नाबालिगों की पहचान की गई, जिन्हें बाद में पकड़ लिया गया। पूछताछ में 12 वर्षीय आरोपी ने बताया कि पार्क में हुए झगड़े के बाद उसने अपने 17 वर्षीय चचेरे भाई को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने एक अन्य 13 वर्षीय लड़के के साथ मिलकर निशांत की तलाश की। रात में सामना होने पर तीनों ने कथित रूप से उसकी पिटाई की और मौके से फरार हो गए।

परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे न्याय की मांग लेकर तिलक नगर थाने पहुंचे, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परिवार का कहना है कि पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसको लेकर थाने के बाहर कुछ समय के लिए हंगामा भी हुआ। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!