घर के बाहर गाली देने से रोकना पड़ा भारी, 50 वर्षीय व्यक्ति की चाक़ू से हत्या
मृतक की पहचान बिहारी लाल के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे और अपने परिवार के साथ लालबाग के ए-ब्लॉक में रहते थे

दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके में एक छोटी सी कहासुनी ने एक व्यक्ति की जान ले ली। घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे नाबालिगों को टोकना 50 वर्षीय व्यक्ति को इतना भारी पड़ गया कि उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान बिहारी लाल के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे और अपने परिवार के साथ लालबाग के ए-ब्लॉक में रहते थे। घटना गुरुवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि दो लड़के बिहारी लाल के घर के पास खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे। जब बिहारी लाल ने उन्हें ऐसा करने से रोका और वहां से जाने को कहा, तो दोनों आरोपी उनसे उलझ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों लड़कों ने बिहारी लाल के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान एक नाबालिग ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिहारी लाल को परिजन तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि पकड़े गए नाबालिग से पूछताछ की जा रही है और उसके फरार साथी को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









