Uttam Nagar Violence: तरुण की हत्या के बाद बवाल, लोगों ने फूंकी कार

दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक युवक की हत्या के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय तरुण के रूप में हुई है

Uttam Nagar Violence: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक युवक की हत्या के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय तरुण के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर बजरंग दल से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर के बाहर खड़ी एक कार को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि इससे पहले रात में तीन वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई थी।

स्थिति को देखते हुए पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को इलाके में तैनात कर दिया गया है। प्रशासन हालात को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। वहीं स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार यह विवाद होली के दिन एक छोटी सी घटना से शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि एक सात साल की बच्ची अपने घर की बालकनी में पानी से भरा गुब्बारा लेकर खड़ी थी। इसी दौरान गुब्बारा उसके हाथ से छूटकर नीचे खड़ी एक महिला के ऊपर गिर गया, जो दूसरे समुदाय से बताई जा रही है।

इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बच्ची और उसके परिवार ने कथित तौर पर इस गलती के लिए माफी भी मांगी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। कुछ ही समय में महिला के परिवार के कई लोग वहां इकट्ठा हो गए और विवाद बढ़ने लगा।

देर रात बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे तरुण किसी काम से घर लौट रहा था। उसी दौरान गली में पहले से चल रहे विवाद के बीच वह भी फंस गया। आरोप है कि भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान तरुण के परिवार के लोगों के साथ भी मारपीट की गई और आसपास के घरों के शीशे पत्थरबाजी में टूट गए।

गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल और इलाके में तनाव बढ़ गया और लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

तरुण की मौत के बाद इलाके में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं मृतक के परिवार का आरोप है कि तरुण का इस विवाद से सीधा कोई संबंध नहीं था, फिर भी उसे बुरी तरह पीटा गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। परिवार ने न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!