वसंत कुंज पुलिस ने 48 घंटे में लूट का मामला सुलझाया, 2 आरोपी गिरफ्तार
वसंत कुंज साउथ पुलिस ने 48 घंटे में लूट की वारदात का खुलासा किया, महिपालपुर के दो आरोपी गिरफ्तार, Iphone SE और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद

राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने सिर्फ 48 घंटे के भीतर लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महिपालपुर के होटल्स में कमीशन बेसिस पर काम करते थे और मौके देखकर राहगीरों को निशाना बनाते थे।
14 नवंबर 2025 को वसंत कुंज साउथ थाने में PCR कॉल मिली कि एक व्यक्ति से लूट की घटना हुई है। मौके पर पहुंचे IO से शिकायतकर्ता के.के., निवासी सेक्टर 18 गुरुग्राम ने बताया कि दो लड़कों ने जबरन मोबाइल फोन छीना और उसके अकाउंट से ₹1,500 ट्रांसफर करवाकर फोन लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर FIR 471/2025, धारा 309(4)/3(5) BNS दर्ज की गई और जांच शुरू हुई।
गंभीर वारदात को देखते हुए एक विशेष टीम बनाई गई जिसमें शामिल थे एसआई रवि मलिक, एचसी नवीन, एचसी नेमी चंद, कांस्टेबल हरीश, महिला कांस्टेबल सुमन, टीम ने NH-48, वसंत कुंज रोड, MR रोड और महिपालपुर के सभी CCTV फुटेज की गहन जांच की। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पहला आरोपी आशीष को पकड़ा गया।
पूछताछ में आशीष ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी अभिषेक दीक्षित उर्फ गोलू के साथ मिलकर लूट की थी। इसके बाद जंगल क्षेत्र—अर्जुन कैंप के पास छापा मारकर गोलू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष, उम्र 22 वर्ष, निवासी महिपालपुर कक्षा 5th पास जो की महिपालपुर के होटलों में कमीशन बेसिस पर काम करता है और साथ ही नशे का आदी है। दूसरे आरोपी की पहचान अभिषेक दीक्षित उर्फ गोलू, उम्र 22 वर्ष, निवासी महिपालपुर के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से एक लूटा हुआ iPhone SE, आरोपियों द्वारा वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद, सारी बरामद सामग्री पुलिस ने जब्त कर ली है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या दोनों आरोपी अन्य मामलों में भी शामिल हैं। आगे की जांच जारी है।









