B Praak क्यों बने गैंगस्टर की टारगेट लिस्ट में? 10 करोड़ की धमकी से हड़कंप
मैसेज में एक हफ्ते का समय देते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की गई और धमकी दी गई कि रकम न मिलने पर बड़ा नुकसान किया जाएगा।

B Praak: पंजाबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताने वाले एक शख्स ने 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है। धमकी मिलने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं बल्कि पंजाबी सिंगर दिलनूर को दी गई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम आरजू बिश्नोई बताया और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है। कॉलर ने कहा कि बी प्राक से 10 करोड़ रुपये दिलवाए जाएं, वरना गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
कॉल के बाद भेजा गया वॉयस मैसेज
दिलनूर के मुताबिक, 5 जनवरी को उन्हें विदेशी नंबर से दो कॉल आए, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद 6 जनवरी की दोपहर फिर कॉल आया। जब कॉल पर बातचीत संदिग्ध लगी तो उन्होंने फोन काट दिया। कुछ देर बाद उसी नंबर से एक धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा गया। वॉयस मैसेज में कॉलर ने खुद को आरजू बिश्नोई बताते हुए कहा कि बी प्राक को यह संदेश पहुंचा दिया जाए। मैसेज में एक हफ्ते का समय देते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की गई और धमकी दी गई कि रकम न मिलने पर बड़ा नुकसान किया जाएगा। कॉलर ने यह भी कहा कि इसे फर्जी कॉल न समझा जाए।
पुलिस ने शुरू की जांच
धमकी मिलने के बाद दिलनूर ने 6 जनवरी को ही मोहाली के एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कॉल व वॉयस मैसेज की जांच की जा रही है। कॉलर की लोकेशन, इस्तेमाल किए गए नंबर और नेटवर्क डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
बताया जा रहा है कि हाल के महीनों में इसी तरह की धमकी और फिर फायरिंग की घटनाएं दिल्ली और आसपास के इलाकों में सामने आई हैं। कई मामलों में पहले फोन पर धमकी दी गई और बाद में डर फैलाने के लिए फायरिंग की गई। हालांकि, कुछ मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। बी प्राक के खिलाफ मिली धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।









