महिला ठग ने रिटायर्ड मैनेजर के उड़ाए सवा करोड़, जानिए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार लगभग एक साल पहले दिव्या शर्मा नाम की एक युवती ने व्हाट्सएप पर उनसे बातचीत शुरू की। बातचीत बढ़ने पर...

ग्रेटर नोएडा में यमुना प्राधिकरण के एक सेवानिवृत्त मैनेजर से करीब सवा करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक महिला ठग ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर 10 महीनों तक मुनाफे का लालच दिया और धीरे-धीरे बड़ी रकम ऐंठ ली। मामला पता चलने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सेवानिवृत्त मैनेजर ग्रेटर नोएडा में रहते हैं। पुलिस के अनुसार लगभग एक साल पहले दिव्या शर्मा नाम की एक युवती ने व्हाट्सएप पर उनसे बातचीत शुरू की। बातचीत बढ़ने पर उसने खुद को कारोबारी बताया और दावा किया कि वह अपनी कंपनी के जरिए निवेश कर भारी लाभ कमा रही है। इसी बहाने उसने मैनेजर को गोल्डन ब्रिज इन्वेस्टमेंट कंपनी में पैसे लगाने के लिए तैयार कर लिया। युवती के झांसे में आकर पीड़ित ने 28 जनवरी 2025 को पहली बार 40 हजार रुपये का निवेश किया। कुछ समय बाद लगभग आठ हजार रुपये मुनाफे सहित उनके खाते में वापस भेज दिए गए। यह देखकर उन्हें भरोसा हुआ कि निवेश असली है और वे ज्यादा कमाई कर सकते हैं। इसके बाद एक फरवरी से 11 नवंबर 2025 के बीच पीड़ित ने कुल 1 करोड़ 24 लाख 44 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। युवती ने उनके मोबाइल फोन पर एक ऐप भी डाउनलोड कराया, जिसमें लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता था।
परेशानी तब शुरू हुई जब पीड़ित ने अपनी राशि वापस निकालने की कोशिश की। ठग महिला ने कुल रकम पर 30% टैक्स जमा करने की मांग की। इनकार करने पर उसने सभी संपर्क तोड़ दिए। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है और साइबर टीम खाते फ्रीज कराने और आरोपियों का पता लगाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई थी, उनकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित बैंकों को रकम फ्रीज और होल्ड कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच में इस गिरोह के कई सदस्य पुलिस के रडार पर आ चुके हैं।
पीड़ित ने बताया कि बातचीत शुरू होते ही युवती ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया था। इस ग्रुप में कई लोग पहले से मौजूद थे, जो लगातार मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर कर निवेश के लिए प्रेरित करते थे। कुछ दिनों तक उन्हें निवेश से जुड़ी कथित ट्रेनिंग भी दी गई। बाद में पीड़ित को एहसास हुआ कि ग्रुप के सभी सदस्य उसी गिरोह के लोग थे, जो उन्हें भरोसा दिलाने के लिए पूरा नाटक कर रहे थे…पुलिस अब इस संगठित साइबर गिरोह की तलाश में जुटी है और पीड़ित से ठगे गए पैसे की रिकवरी के प्रयास जारी हैं।









