मूनक नहर में डूबने से 4 किशोरों की हुई मौत, दो सगे भाई भी शामिल
बवाना के सीआईएसएएफ कैंप के करीब मूनक नहर में वीरवार को डूबे सभी चारों की मृत्यु हो गई है। हादसे का शिकार दोनों सगे भाइयों के

बवाना के सीआईएसएएफ कैंप के करीब मूनक नहर में वीरवार को डूबे सभी चारों की मृत्यु हो गई है। हादसे का शिकार दोनों सगे भाइयों के शव रेस्क्यू टीम ने शुक्रवार को मूनक नहर से मिले।
दो किशोर के शव हादसे के कुछ घंटे बाद कल ही मिल गए थे। चारों मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के रहने वाले थे और बाहरी दिल्ली के कटेवरा गांव की गोशाला में अपने स्वजन के साथ रह रहे थे। दोनों भाइयों के शव मिलने के बाद घर में में कोहराम मच गया।
बृहस्पतिवार मध्याह्न मूनक नहर में चार लड़कों के डूबने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस, बोट क्लब, दमकल कर्मचारियों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बाद में एनडीआरएफ की टीम भी ऑपरेशन में शामिल हुई।
बताया जाता है कि नहाने के दौरान डूबते एक किशोर को बचाने के लिए नहर में उतरे दो सगे भाइयों समेत चारों डूब गए। कुछ घंटे के भीतर टीम ने दो किशोर समद और सुहैल के शव नहर से बरामद किए, लेकिन देर शाम तक जावेद व शावेज खान का पता नहीं चल सका।
इसके बाद तलाश का काम रोक दिया गया। शुक्रवार सुबह रेस्क्यू दोबारा शुरू किया गया, लगभग 11 बजे गोताखोरों ने जावेद (18) का शव ढूंढ निकाला और करीब तीन घंटे बाद शावेज का शव मिला। एक साथ दोनों के शव देख परिवार के लोग काफी बिलख पड़े।
हादसे के बाद जावेद और शावेज के पिता वकील ने बताया था कि वक्त पर गोताखोर नहीं पहुंचने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन देरी से शुरू हुआ। किशोर समद के पिता अब्बास ने कहा कि समद और तीनों दोस्त सीआईएसएफ कैंप के पीछे खेतों से मवेशियों के लिए चारा लेने के लिए गए थे, इसी चलते नहर में नहाने लगे। नहाते वक्त एक किशोर डूबने लगा, उसे बचाने के चलते डूब गए।
सर्च अभियान के दौरान गोताखोरों ने दो किशोर को बचाया
शुक्रवार को मूनक नहर में जावेद और शावेज को ढूंढने के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान नहाते समय दो किशाेर डूबने लगे। तभी गोताखोरों की नजर उन पर पड़ी और दोनों को गहरे पानी से निकाला। दोनों ने खुद को भाई बताया। बताया जाता है कि दोनों स्कूल बैग के साथ नहर पर पहुंच गए।









