Vegetable Price Hike: टमाटर 90, मटर 200 पार; सब्जियों ने बढ़ाई परेशानी
नींबू की कीमत भी 80 रुपये किलो से ऊपर बताई जा रही है। ऐसे में ग्राहक अब बड़ी मात्रा में खरीदारी करने के बजाय सिर्फ उतनी ही सब्जी ले रहे...

Vegetable Price Hike: सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम परिवारों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा दिया है। बाजार में कई सब्जियों के भाव इतने बढ़ गए हैं कि लोग पहले के मुकाबले कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। इसका असर सब्जी बेचने वाले दुकानदारों के कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दुकानदारों के मुताबिक, जो ग्राहक पहले एक-दो किलो टमाटर या दूसरी सब्जियां खरीदकर ले जाते थे, अब वही लोग जरूरत के हिसाब से 250 ग्राम या आधा किलो में खरीदारी कर रहे हैं। महंगे दामों के चलते ग्राहक मात्रा घटा रहे हैं, जिससे दुकानदारों की बिक्री और कमाई दोनों प्रभावित हो रही हैं।
मटर 200 रुपये किलो, अदरक भी महंगा
फुटकर बाजार में मटर का भाव करीब 200 रुपये किलो तक पहुंच गया है। अदरक भी 200 रुपये से ज्यादा कीमत पर बिक रहा है। इसके अलावा फूलगोभी करीब 100 रुपये, टमाटर 90 रुपये, भिंडी 70 रुपये, प्याज 60 रुपये और बीन्स लगभग 80 रुपये किलो तक पहुंच गई हैं। नींबू की कीमत भी 80 रुपये किलो से ऊपर बताई जा रही है। ऐसे में ग्राहक अब बड़ी मात्रा में खरीदारी करने के बजाय सिर्फ उतनी ही सब्जी ले रहे हैं, जितनी तत्काल जरूरत हो।
महंगी खरीद से दुकानदारों की कमाई पर असर
सब्जी विक्रेता मोहित के अनुसार मंडियों में सब्जियों की सप्लाई जारी है, लेकिन वहां से ही माल ऊंचे दाम पर मिल रहा है। ऐसे में दुकानदारों को लागत निकालने के लिए सब्जियां महंगे भाव पर बेचनी पड़ती हैं। उनका कहना है कि कीमत बढ़ने के साथ ग्राहकों की खरीदारी घट गई है। पहले जहां रोजाना करीब 10 हजार रुपये तक का मुनाफा हो जाता था, अब कम बिक्री के कारण यह रकम घटकर लगभग 5 हजार रुपये रह गई है।
बिक्री कम होने के साथ बढ़ा खराब होने का खतरा
सब्जियों के कारोबार में एक और परेशानी सामने आ रही है। ग्राहकों के कम खरीदने के कारण कई बार दुकान पर सब्जियां बच जाती हैं। अगर इन्हें समय पर नहीं बेचा गया तो खराब होने लगती हैं। दुकानदारों के लिए यह दोहरा नुकसान है—एक तरफ बिक्री कम हो रही है और दूसरी तरफ खराब हुई सब्जियों की पूरी लागत भी उनके खाते में चली जाती है।
टमाटर के दाम तीन गुना बढ़े
कुछ समय पहले तक करीब 30 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 90 रुपये तक पहुंच गया है। यानी इसकी कीमत में करीब तीन गुना तक उछाल आया है। प्याज भी पहले 30 रुपये किलो के आसपास था, जो अब करीब 60 रुपये किलो बिक रहा है। फूलगोभी की कीमत भी 30-40 रुपये से बढ़कर करीब 100 रुपये किलो तक पहुंच गई है। इसके अलावा शिमला मिर्च करीब 55 रुपये, गाजर 50 रुपये और करेला लगभग 60 रुपये किलो के भाव पर बिक रहा है।
बढ़ती कीमतों से रसोई का बजट बिगड़ा
सब्जी खरीदने पहुंचे महेश और राहुल ने बताया कि पहले से ही पेट्रोल-डीजल, गैस और दूसरी रोजमर्रा की चीजों पर खर्च बढ़ा हुआ है। अब सब्जियों के दाम बढ़ने से घर का बजट और ज्यादा प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि महंगाई के कारण अब पहले की तरह किलो-किलो सब्जियां खरीदना मुश्किल हो गया है। लोग अपनी जरूरत के मुताबिक थोड़ी-थोड़ी सब्जी खरीदकर किसी तरह घर का खर्च संभाल रहे हैं।









