दिल्ली के नरेला में 10 वर्ष के मासूम की हत्या, पिता पर हत्या का आरोप
देश की राजधानी दिल्ली में एक बेहद ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 10 वर्षी मासूम बच्चे की संदिग्ध अवस्था में लाश

देश की राजधानी दिल्ली में एक बेहद ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 10 वर्षी मासूम बच्चे की संदिग्ध अवस्था में लाश बरामद हुई। बच्चे के गले पर गहरे चोट के निशान हैं। पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां कोमल ने पुलिस को कहा कि उसके पति नरेंद्र के साथ उसका झगड़ा चल रहा है, इस वजह से वह अपने दोनों बच्चों के साथ पति से अलग रहती है। उनका छोटा बेटा 10 साल का है, वह मंगलवार को स्कूल गया था, पर देर शाम तक वह वापस नहीं आया। बाद में उसके पति नरेंद्र ने कोमल को फोन करके बताया कि उसने ही अपने बेटे की हत्या कर दी है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और कई पहलुओं से इसकी जांच कर रही है।
पिता पर बेटे की हत्या का आरोप
दरअसल पूरा मामला उत्तरी दिल्ली के नरेला इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, यहां एक पिता ने कथित तौर पर अपने ही 10 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। नरेला पुलिस स्टेशन में एक बच्चे के शव की बरामदगी की सूचना मिली थी, जिसके गले पर चोट के निशान थे। पुलिस के मुताबिक, घरेलू कलह की वजह से 10 साल के लड़के की मां कोमल अपने बच्चों के साथ अपने पति से अलग रहती रही थी। वह दोनों बच्चों के साथ ओम विहार कॉलोनी में रह रही थी। पुलिस जांच में लड़के की गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे लगता है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई होगी।
आरोपी फरार
नरेला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के चलते हत्या का मामले को दर्ज किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आरोपी फरार है और उसे जल्द से जल्द पकड़ने के लिए काफी टीमें बनाई गई हैं। बता दें कि फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। बता दें कि इस तरह की यह कोई इकलौती या पहली घटना नहीं है। पहले भी ऐसी कई घटनाएं देखने को मिल चुकी हैं।









