पहाड़गंज में देर रात लगी भीषण आग, दिव्यांग बुजुर्ग की मौत, भाई घायल

चूना मंडी स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर लगी आग की चपेट में आने से 60 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई घायल हो गए।

दिल्ली।

राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में सोमवार देर रात एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया। चूना मंडी स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर लगी आग की चपेट में आने से 60 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, चूना मंडी स्थित मकान नंबर 2870/4 में रात करीब 2:40 बजे अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल पर रखे घरेलू सामान में आग भड़की, जिसने कुछ ही देर में पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, आग बुझाने के लिए तुरंत दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं। फायर स्टेशन ऑफिसर नवनीत के नेतृत्व में टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे के समय घर में रमेश (60) और उनके छोटे भाई नरेश (58) मौजूद थे। रमेश दिव्यांग थे, जिसके चलते वह समय रहते बाहर नहीं निकल सके और गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं, नरेश अपने भाई को बचाने की कोशिश में मामूली रूप से झुलस गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़े : कानपुर में वकील ने छलांग लगाकर दी जान, पिता पर लगाए गंभीर आरोप

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!