ग्रेटर नोएडा के पार्क में युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के एक निजी कॉलेज के करीब बने हुए पार्क में बुधवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के एक निजी कॉलेज के करीब बने हुए पार्क में बुधवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की शिनाख्त मुरैना मध्य प्रदेश के अजय से हुई है। वर्तमान में अजय तुगलपुर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस द्वारा जांच में सामने आया है कि युवक ने घरेलू झग़डे से परेशान होकर आत्महत्या की है।
मामले की जानकारी मिलने पर वहां की पुलिस उसी वक्त वहां पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया। शुरुआत में पता चला कि अजय ने घर में हुई किसी बात से नाराज होकर यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के घरवालों को इस मामले की सूचना दी गई है। युवक कुछ वक्त से निजी काम के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। आत्महत्या की वजह से गहराई से जांच की जा रही है। घरवालों से भी पूछताछ की जा रही है। जिससे पता चल सके कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।









