स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई, आतंकी-गैंगस्टर का हुआ पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल के मुताबिक़, शूटर अजय को 29 अगस्त, 2022 को नालागढ़ कोर्ट में पेश करने के बाद वापस लाया...

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी-गैंगस्टर के गठजोड़ का पर्दाफाश किया है। स्पेशल सेल ने नालागढ़ कोर्ट, बद्दी हिमाचल प्रदेश से लकी पटियाल-कौशल चौधरी-भूपी राणा सिंडीकेट के शूटर अजय उर्फ सन्नी को अदालत से छुड़ाने की कोशिश करने वाले चार शूटर वकील, विक्की, परगट और गुरजंट व उनको हथियार मुहैया कराने वाले दो आरोपी अजय उर्फ मेंटल व गगनदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी गगनदीप के आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से संबंध है। पाकिस्तान में बैठे आतंकी रिंदा के कहने पर पूरी साजिश रची गई थी। स्पेन, यूरोप में बैठे गैंगस्टर लकी पटियाल के कहने पर हैंड ग्रेनेड हथियार सप्लाई किए गए थे। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल के मुताबिक़, शूटर अजय उर्फ सन्नी को 29 अगस्त, 2022 को नालागढ़ अदालत में पेश करने के बाद वापस ले जाया जा रहा था, तभी दो लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी थी।
अजय भागकर अदालत में जाकर छिप गया था। अजय को मार्च 2022 में स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी अजय अगस्त 2021 में विक्रमजीत उर्फ विक्की मिद्दुखेड़ा की सनसनीखेज हत्या व मई 2021 में एक सिमरन उर्फ सिम्मू के मर्डर में वांटेड चल रहा था।
मृतक सिमरन के अलावा गोली लगने की वजह से चार और लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, चूंकि आरोपी अजय, बांबिहा – लकी पटियाल – कौशल चौधरी गैंग का एक शूटर है, इसलिए एक आशंका जताई जा रही थी कि इसके विरोधी लॉरेंस बिश्नोई-जग्गू भगवानपुरिया- काला जठेड़ी गैंग ने विक्की मिद्दुखेड़ा के मर्डर का बदला लेने के लिए इस हमले को अंजाम दिया होगा। आरोपियों को पकड़े जाने के बाद पता चला कि अजय को छुड़ाने की कोशिश की गई थी।
स्पेशल सेल एसीपी राहुल विक्रम, इंस्पेक्टर दलीप, विक्रम दहिया और निशांत की टीम ने चार शूटर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा मूल के आरोपी वकील व विक्रम जेल में बंद गैंगस्टर भूप्पी राणा, कौशल चौधरी के बहुत करीबी सहयोगी व पंजाब स्थित आरोपी लकी पटियाल से जुड़े पाए गए हैं।
परगट व गुरजंट गांव बहबल कलां के फरीदकोट मूल के जस के माध्यम से लकी पटियाल से जुड़े हुए पाए गए हैं। आरोपी अजय उर्फ मेंटल, आरोपी गगनदीप व एक अन्य पंजाब स्थित हैंडलर के लिए काम कर रहा था। आरोपी गगनदीप फरार आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा के साथी दिलप्रीत सिंह दहन उर्फ बाबा का बहुत करीबी सहयोगी है।
यह भी पढ़े: दिल्ली के बवाना इलाके में करंट लगने से तीन मजदूरों की मौत










