दिल्ली में घर से मिले महिला और उसकी बेटियों के मिले शव, जाँच में जुटी पुलिस
देश की राजधानी दिल्ली के मोलड़बंद में बुधवार को 42 साल की एक महिला और उसकी दो बेटियां अपने घर में मृत मिली. पुलिस ने यह सुचना दी

देश की राजधानी दिल्ली के मोलड़बंद में बुधवार को 42 साल की एक महिला और उसकी दो बेटियां अपने घर में मृत मिली. पुलिस ने यह सुचना दी. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी की वजह से आत्महत्या किये जाने के संकेत मिले हैं. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि पड़ोसियों ने उस मकान से दुर्गंध आने की जानकारी दी थी जिसके बाद तीनों के शव मिले.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि घर से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि पुलिस को बुधवार दोपहर मोलड़बंद से एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि गली नंबर 16 में दूसरी मंजिल पर स्थित मकान नंबर 43 से तेज बदबू आ रही है. इसी घर में मां और बेटियां रह रही थीं.
तीनों के मुंह से सफेद झाग निकल रहा था- पुलिस
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा, ”सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और बदरपुर के थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और पूजा (42), उसकी 18 वर्षीय बेटी और उसकी छोटी बेटी के शव बरामद मिले. तीनों के मुंह से सफेद झाग निकल रहा था, जिससे लगता है कि उन्होंने काफी जहरीला पदार्थ खा लिया था.
पुलिस को 4-5 दिन पहले खुदकुशी की आशंका
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि तीनों ने करीब चार से पांच दिन पहले आत्महत्या की होगी. अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि कथित आत्महत्या के पीछे आर्थिक तंगी एक संभावित कारण हो सकता है. पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार ने पिछले दो माह से किराया नहीं दिया था, जिस वजह से ही उन्होंने आत्महत्या करने का फैसला लिया होगा.
फोरेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल की जांच की
अपराध जांच दल को घटनास्थल पर बुलाया और फोरेंसिक एक्सपर्ट ने साक्ष्य के लिए घटनास्थल की जांच की. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जिससे मृत्यु के सही वजह नहीं मिली. अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि पूजा अपनी बेटियों के साथ अकेली रहती थी और उसका पति पिछले कुछ वर्षो से नहीं देखा गया है.
सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल कर रही पुलिस
अधिकारी ने बताया, ‘‘हमें पता चला है कि उसका पति हरियाणा के गुरुग्राम में गाड़ी चलाने का काम करता है. लेकिन किसी ने हमें यह भी बताया कि कुछ महीने पहले उसकी मौत हो गई थी. हम सभी तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं. जांच से यह भी पता चलता है कि उसकी बेटियां पिछले कुछ महीनों से स्कूल नहीं जा रही थीं.” पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज भी देख रही हैं ताकि पता चल सके कि महिला को आखिरी बार कहां देखा गया था और उसने जहरीला पदार्थ कहां से खरीदा था.









