द्वारका के बिंदापुर इलाके में बीच सड़क पर कारोबारी की गोली मारकर हत्या
पुलिस के अनुसार मोहित अपने परिवार के साथ दिल्ली के मानसकुंज, उत्तम नगर इलाके में रहते थे और इनके परिवार में बड़े भाई रोहित अरोड़ा और अन्य...

राजधानी दिल्ली के बिंदापुर इलाके में रविवार की देर रात बीच सड़क पर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त 32 वर्ष के मोहित अरोड़ा के रूप में हुई है। वारदात के वक्त मोहित अपने भाई के साथ स्कूटी से घर की और लौट रहे थे।
इस दौरान घर के नजदीक बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। मोहित के सीने में गोली मारने के बाद बदमाश मौके से बाइक छोड़कर फरार हो गए। मोहित को नजदीकी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने के प्रयास में जुटी है। कारोबारी मोहित की हत्या किसने और किस लिए की इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक मोहित अपने परिवार के साथ दिल्ली के मानसकुंज, उत्तम नगर इलाके में रहते थे। मृतक के परिवार में बड़े भाई रोहित अरोड़ा और अन्य सदस्य हैं। मोहित की दिल्ली के आर्य समाज रोड, उत्तम नगर इलाके में साड़ी की दुकान है।
रोहित और मोहित दोनो भाई इसी दुकान पर बैठते थे। फिलहाल त्योहारी सीजन होने की वजह से पिछले कुछ दिनों से दोनों को दुकान पर देर हो जा रही थी। रविवार की देर रात को दोनों भाई स्कूटी से घर के लिए निकले और स्कूटी रोहित चला रहे थे। इस दौरान दोनों जैसे ही मानसकुंज रोड पर पहुंचे। एक दम सामने से आए बाइक सवार बदमाशों ने दोनों को रोक लिया। इससे पहले की दोनो कुछ समझ पाते की इससे पहले ही एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर मोहित के सीने पर गोली चला दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक मौके पर छोड़कर पैदल ही अलग-अलग दिशा में भागे। रोहित फौरन ही अपने भाई को नजदीकी हॉस्पिटल ले गए, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। लगभग 12.30 बजे जानकारी मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए। और फिर बाद में छानबीन के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया।
बाइक के आधार पर पुलिस फरार बदमाशों की पहचान के प्रयास कर रही है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को यह पता चला है कि लूटपाट या फिरौती के लिए कारोबारी मोहित का कत्ल नहीं हुआ। हत्या के पीछे कुछ और वजह है। दरअसल जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त मोहित के पास एक बैग में कई लाख रुपये मौजूद थे। लेकिन बदमाशों ने इस बैग को छुआ भी नहीं। वहीं रोहित ने अपने भाई को किसी भी तरह की कोई फिरौती की कॉल से इंकार किया है। पुलिस तमाम दृष्टिकोणों से मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस ने मृतक मोहित का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। वह मृतक की कॉल डिटेल रिकॉर्ड को खंगाल रही है। और इसके साथ ही परिजनों के मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। पुलिस मृतक मोहित के यहां काम करने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। परिजनों से पूछताछ कर इस बात का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मोहित की किसी से कोई रंजिश तो नहीं थी। पुलिस आशंका जता रही है कि रंजिश या किसी और वजह से मोहित को मौत के घाट उतारा गया।
यह भी पढ़े: पाइप गन में बारूद भरते हुए अचानक हुआ धमाका, नाबालिग झुलसा










