CEC Protest: राहुल गांधी से प्रियंका तक हिरासत में, रात 10 बजे ऐसे हुई रिहाई
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के जरिए कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन के सांसदों....

CEC Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के जरिए कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने संसद मार्ग पर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
करीब 150 विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन के सामने पहुंचने के बाद वहीं धरने पर बैठ गए। सांसदों ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोकने के बाद कई सांसदों को हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया।
बैरिकेडिंग पर चढ़े राहुल गांधी और विपक्षी सांसद
प्रदर्शन के दौरान कुछ समाजवादी पार्टी के सांसद बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इसके बाद राहुल गांधी भी बैरिकेडिंग पर पहुंचे। तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने भी बैरिकेड के पास माइक लेकर प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, जॉन ब्रिटास, महुआ मोइत्रा, डेरेक ओ’ब्रायन और कार्ति चिदंबरम समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया। उन्हें बसों में बैठाकर दूसरी जगह ले जाया गया। इस प्रदर्शन की एक खास बात यह रही कि बीजू जनता दल (BJD) भी पहली बार विपक्ष के इस साझा आंदोलन में शामिल हुआ।
हिरासत के बाद राहुल गांधी ने बदली रणनीति
विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा को भी पुलिस ने बस में बैठा दिया। इसी बीच राहुल गांधी आकाशवाणी भवन के रिसेप्शन गेट की ओर बढ़े। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ सहयोगियों के साथ राहुल गांधी आकाशवाणी परिसर के अंदर पहुंच गए।
परिसर के अंदर चुनाव आयोग की ओर जाने वाले रास्ते का गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद राहुल गांधी एक बरगद के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर बैठ गए। कुछ देर बाद प्रियंका गांधी भी बस से उतरकर केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा, बीवी श्रीनिवास और चरणजीत सिंह चन्नी समेत अन्य नेताओं के साथ राहुल गांधी के पास पहुंच गईं।
राहुल-प्रियंका के समर्थन में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता
राहुल और प्रियंका गांधी के आकाशवाणी परिसर में धरने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंचने लगे। पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाया।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के 300 से अधिक लोकसभा और राज्यसभा सांसद शांतिपूर्ण तरीके से मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों से मिलने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर देश की आवाज उठाने वाले सांसदों से ही चुनाव आयोग मुलाकात नहीं करेगा, तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है।
शाम तक जारी रहा राहुल गांधी का धरना
राहुल गांधी ने आकाशवाणी परिसर में अपना धरना जारी रखा। शाम करीब चार बजे कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी और अन्य सांसदों के लिए खाना मंगवाया। इसके बाद धरना स्थल पर चटाई बिछाई गई और उस पर सफेद चादर डाल दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने राहुल गांधी से कई बार परिसर से बाहर जाने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। राहुल गांधी का कहना था कि वह चुनाव आयोग जाकर मुख्य चुनाव आयुक्त को बताना चाहते हैं कि विपक्ष ‘वोट चोरी’ का मुद्दा क्यों उठा रहा है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अगर उन्हें आकाशवाणी परिसर से हटाया जाता है तो उन्हें जंतर-मंतर, इंडिया गेट या किसी अन्य जगह पर शांतिपूर्ण धरना देने की अनुमति दी जाए।
रात 8 बजे राहुल-प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में
कई घंटे तक धरना जारी रहने के बाद दिल्ली पुलिस ने रात करीब 8 बजे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें आकाशवाणी भवन परिसर से हटाकर किंग्सवे कैंप ले गई।
राहुल गांधी के साथ करीब 50 अन्य सांसदों और नेताओं को भी हिरासत में लिया गया। करीब दो घंटे तक हिरासत में रखने के बाद सभी को रात 10 बजे के बाद रिहा कर दिया गया।
रिहाई के बाद राहुल गांधी ने हिरासत में लिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है और कहा कि इसका हिसाब लिया जाएगा।
इस तरह CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर विपक्ष का यह प्रदर्शन सुबह संसद से शुरू होकर रात में राहुल गांधी और अन्य नेताओं की हिरासत तथा रिहाई के साथ खत्म हुआ।









