
राजधानी दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर शनिवार की सुबह चीन की रहने वाली एक महिला ने एयरपोर्ट के शौचालय में आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला ने ब्लेड से अपने हाथ और गर्दन पर हमला कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घायल महिला को तुरंत सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां महिला की हालत में अब सुधार है।
शुरुआती जांच के दौरान पता चला कि नौकरी छूटने और ब्वॉय फ्रेंड से दोस्ती टूटने से महिला काफी ज्यादा परेशान थी। स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इस मामले में पुलिस सूत्रों का कहना है कि घायल महिला चीन की रहने वाली है। महिला चीन से घूमने के लिए बहरीन गई थी। जहां से महिला वापस मलयेशिया में जा रही थी। राजधानी दिल्ली में महिला को विमान बदलकर मलयेशिया में जाना था। ट्रांजिट के वक्त महिला दिल्ली हवाई अड्डा के शौचालय में गई थी।
जहां उसने खुद पर ब्लेड से हमला कर लिया और फिर वहां गिर गई। महिला की आवाज सुनकर बाहर मौजूद महिला शौचालय के अंदर गई। जहां महिला को लहूलुहान हालत में देखकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला दो वजह से तनाव में थी। महिला की नौकरी छूट गई थी और इस परेशानी से महिला उबरी भी नहीं थी कि उसके ब्वॉय फ्रेंड ने भी उससे दोस्ती तोड़ दी। आशंका जताई जा रही है कि तनाव में ही महिला ने खुदकुशी करने के इरादे से ब्लेड से अपने शरीर पर हमला किया। स्थानीय पुलिस ने इस मामले की जानकारी चीन के दूतावास को दे दी है और अब मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: व्यक्ति के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार