Delhi: प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर मिर्ची स्प्रे छिड़कने के मामले में 22 गिरफ्तार
पुलिस ने दो अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं और अब तक कुल 22 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इंडिया गेट के पास प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे पर दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने दो अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं और अब तक कुल 22 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहली एफआईआर कर्तव्य पथ थाने में दर्ज हुई है, जहां से छह पुरुष प्रदर्शनकारी गिरफ्तार किए गए हैं। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79, 105(2), 132, 221, 223 और 6(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये धाराएं शांति भंग, सरकारी आदेशों की अवहेलना और अन्य सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े अपराधों को कवर करती हैं।
दूसरी एफआईआर संसद मार्ग थाने में दर्ज की गई है, जिसके तहत 17 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223A, 132, 221, 121A, 126(2), और 3(5) के तहत आरोप लगाए गए हैं। इन धाराओं में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से लेकर गंभीर आपराधिक गतिविधियों तक का उल्लेख है। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ रविवार को इंडिया गेट के पास लोगों का एक समूह प्रदर्शन करने पहुंचा था। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों पर आरोप है कि उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे 3–4 पुलिसकर्मी घायल हुए। घायलों को तुरंत आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूत्रों के अनुसार प्रदर्शन मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे शुरू हुआ। पहले ये प्रदर्शन केवल प्रदूषण को लेकर था, लेकिन कुछ देर बाद कुछ लोगों ने विवादित नारे लगाने शुरू कर दिए। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटने के लिए कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया, जिसके बाद हल्का बल प्रयोग किया गया। इसी दौरान हिंसा और स्प्रे की घटना हुई।हंगामे की वजह से इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस ने साफ कहा है कि हिंसा या कानून तोड़ने वाले प्रदर्शन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है, ताकि सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रभावित न हो। अब आगे की कार्रवाई में पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य फुटेज व सबूत जुटा रही है।









