Delhi Bomb Threat: ईमेल से मची खलबली, स्कूलों में चला सर्च ऑपरेशन
राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। शुक्रवार को ईमेल के जरिए दो स्कूलों को......

Delhi Bomb Threat: राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है। शुक्रवार को ईमेल के जरिए दो स्कूलों को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, हुमायूं रोड स्थित एसपीवी और आरएस जूनियर मॉडर्न स्कूल को ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुरक्षा टीमों ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। काफी देर तक चले तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी को हॉक्स यानी फर्जी सूचना बताया। फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।









