Delhi Bus Rules: पिंक टिकट बंद, नए नियम से महिलाएं और छात्राएं परेशान

दिल्ली की डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए अब पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी कर दिया गया है। पिंक कार्ड नहीं होने.......

Delhi Bus Rules: दिल्ली की डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए अब पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी कर दिया गया है। पिंक कार्ड नहीं होने पर महिला यात्रियों को किराया देकर टिकट लेना पड़ रहा है। नए नियम की जानकारी नहीं होने और कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को लेकर कई महिलाओं और छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार से बसों में पिंक टिकट की जगह पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की व्यवस्था लागू हो गई। बस रुकते ही महिला यात्री कार्ड निकालकर कंडक्टर को दे रही हैं और कार्ड स्कैन होने के बाद टिकट मिल रहा है। हालांकि, जिन महिलाओं के पास कार्ड नहीं है, उन्हें मुफ्त यात्रा का लाभ नहीं मिल पा रहा।

नए नियम से अनजान कई महिलाएं बस में पहुंचने के बाद मुश्किल में फंस गईं। एक महिला अपनी बच्ची के साथ बस में सफर कर रही थीं। उन्होंने कंडक्टर से पिंक टिकट मांगा तो उन्हें बताया गया कि अब कार्ड के जरिए ही मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसी तरह गाजियाबाद से दिल्ली आई एक छात्रा के पास भी पिंक कार्ड नहीं था और वह किराया देने की स्थिति में नहीं थी।

कुछ यात्रियों को कार्ड स्कैन करने में भी परेशानी हुई। मुनिरका से बस में सवार एक महिला ने पहले कार्ड स्कैन कराकर सर्वप्रिय विहार तक की यात्रा के लिए टिकट लिया। बाद में जब उन्हें पता चला कि बस नेहरू प्लेस तक जा रही है और उन्होंने आगे का टिकट लेने के लिए कार्ड दोबारा स्कैन कराया, तो मशीन से टिकट नहीं निकला। कंडक्टर ने कई बार कोशिश की, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई।

डीटीसी अधिकारियों के मुताबिक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए दिल्ली में 38 सेंटर बनाए गए हैं। ये सेंटर सोमवार को बंद रहते हैं। कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए एक घंटे का कूलिंग पीरियड भी निर्धारित किया गया है। यानी एक ही बस में कार्ड दोबारा टैप करने पर तत्काल दूसरा टिकट जारी नहीं होगा। हालांकि, बस बदलकर उसी रूट की दूसरी बस में सफर करने पर कार्ड दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।

दिल्ली में अब तक 19 लाख 50 हजार से अधिक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!