Delhi lpg crisis: बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं, डिलीवरी सिस्टम पर सवाल
दिल्ली के कई इलाकों में एलपीजी सिलेंडर की समय पर डिलीवरी न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Delhi lpg crisis: दिल्ली के कई इलाकों में एलपीजी सिलेंडर की समय पर डिलीवरी न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बावजूद 10 से 15 दिन तक सिलेंडर नहीं पहुंच रहा, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। नजफगढ़, उत्तम नगर, लक्ष्मी नगर, विवेक विहार, शाहदरा, मयूर विहार, बदरपुर और कालकाजी जैसे क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
लोगों का आरोप है कि बुकिंग के समय जो डिलीवरी तारीख बताई जाती है, उस दिन सिलेंडर नहीं मिलता। कई बार डिलीवरी कर्मी फोन कर आश्वासन देते हैं, लेकिन बाद में सिलेंडर नहीं पहुंचता। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। उनका कहना है कि समस्या गैस की उपलब्धता से ज्यादा डिलीवरी सिस्टम में गड़बड़ी की है।
हालांकि गैस एजेंसियों के संचालक इन आरोपों से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि राजधानी में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और अधिकांश उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर दिया जा रहा है। कुछ मामलों में परिवहन या तकनीकी कारणों से देरी हो सकती है, लेकिन इसे बड़ा संकट बताना सही नहीं है।
इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर छोटे कारोबारियों पर पड़ा है। शहर के कई ढाबे, छोटे होटल और स्ट्रीट फूड विक्रेता गैस की कमी के कारण या तो बंद हो चुके हैं या बंद होने की कगार पर हैं। मुनिरका, आरके पुरम, कश्मीरी गेट, पहाड़गंज और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों में पहले जहां रौनक रहती थी, अब कई जगह चूल्हे ठंडे पड़े हैं।
ढाबा संचालकों का कहना है कि पहले उन्हें नियमित रूप से गैस की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। आरके पुरम के एक ढाबा संचालक ने बताया कि जहां पहले रोजाना दो सिलेंडर की जरूरत पड़ती थी, अब एक सिलेंडर भी समय पर नहीं मिल पा रहा। मजबूरी में उन्हें काम के घंटे कम करने पड़ रहे हैं और यदि जल्द ही स्थिति नहीं सुधरी तो व्यवसाय बंद करना पड़ सकता है।
होटल और रेस्तरां उद्योग भी इस समस्या से अछूता नहीं है। कई स्थानों पर खाने के मेन्यू में कटौती की जा रही है और कुछ जगह केवल सीमित समय के लिए ही भोजन तैयार किया जा रहा है। इससे न केवल कारोबार प्रभावित हो रहा है, बल्कि कर्मचारियों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि डिलीवरी से जुड़ी जानकारी पारदर्शी और समय पर दी जाए, तो समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। फिलहाल लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां इस मुद्दे पर जल्द ध्यान देंगी, ताकि राजधानी में गैस आपूर्ति और डिलीवरी व्यवस्था सामान्य हो सके।
ये भी पढ़े: zomato fee hike: Zomato ने बढ़ाई फीस, हर ऑर्डर अब पड़ेगा महंगा









