Delhi Metro का अनोखा प्रोजेक्ट, 12 मंजिल नीचे बनेगा नया स्टेशन

राजधानी में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक और अहम काम शुरू हो गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सेंट्रल विस्टा...

Delhi Metro: राजधानी में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक और अहम काम शुरू हो गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के तहत प्रस्तावित शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन का निर्माण शुरू कर दिया है। यह स्टेशन जमीन के करीब 38 मीटर नीचे तैयार किया जाएगा, जो लगभग 12 मंजिला इमारत की ऊंचाई के बराबर है।

मंगलवार को उपराज्यपाल टीएस सिंधू की मौजूदगी में स्टेशन के निर्माण कार्य की शुरुआत हुई। प्रस्तावित स्टेशन मौजूदा एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के स्टेशन के ठीक नीचे बनाया जाएगा। इसी वजह से नए स्टेशन को काफी गहराई में तैयार करने की योजना है।

मैजेंटा लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस के बीच बनेगा इंटरचेंज

शिवाजी स्टेडियम स्टेशन जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम मार्ग मैजेंटा लाइन विस्तार का हिस्सा है। इसके शुरू होने के बाद यात्रियों को मैजेंटा लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के बीच सीधे इंटरचेंज की सुविधा मिल सकेगी। दोनों स्टेशनों को लगभग 230 मीटर लंबे भूमिगत सब-वे से जोड़ा जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यात्रियों को एक मेट्रो कॉरिडोर से दूसरे तक पहुंचने के लिए सड़क पर निकलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

राजीव चौक से भी जुड़ेगा शिवाजी स्टेडियम

प्रस्तावित स्टेशन को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से भी अंडरग्राउंड कनेक्टिविटी देने की योजना है। दोनों स्टेशनों के बीच करीब 800 मीटर लंबा भूमिगत रास्ता बनाया जाएगा। इस मार्ग पर ट्रैवलेटर की सुविधा भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को लंबी दूरी पैदल तय करने में परेशानी नहीं होगी। खासतौर पर राजीव चौक और शिवाजी स्टेडियम के बीच नियमित सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह कनेक्शन उपयोगी साबित हो सकता है।

हर महीने निकलेंगे 15 हजार घनमीटर मिट्टी

स्टेशन के निर्माण के दौरान बड़े पैमाने पर खुदाई का काम होगा। डीएमआरसी के मुताबिक, हर महीने करीब 15 हजार घनमीटर मिट्टी बाहर निकाली जाएगी। इसके परिवहन के लिए लगभग 750 डंपर ट्रिप की जरूरत पड़ेगी। इस हिसाब से रोजाना औसतन करीब 25 डंपर फेरे लगाए जाने का अनुमान है। निर्माण स्थल पर लॉजिस्टिक्स और यातायात प्रबंधन भी परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। वहीं, स्टेशन के निर्माण में हर महीने लगभग 3,000 घनमीटर कंक्रीट इस्तेमाल होने का अनुमान है। इसके लिए करीब 500 ट्रांजिट मिक्सर ट्रिप लगेंगी।

9.913 किलोमीटर का होगा पूरा कॉरिडोर

सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 9.913 किलोमीटर होगी। इस पूरे रूट पर कुल नौ स्टेशन बनाए जाने हैं और सभी स्टेशन भूमिगत होंगे।

इनमें शामिल हैं:

* शिवाजी स्टेडियम
* युगे युगीन भारत
* केंद्रीय सचिवालय
* कर्तव्य भवन
* इंडिया गेट
* वॉर मेमोरियल-हाईकोर्ट
* बड़ौदा हाउस
* भारत मंडपम
* इंद्रप्रस्थ

इस कॉरिडोर के केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर निर्माण गतिविधियां पहले ही 24 जून से शुरू हो चुकी हैं।

कर्मचारियों और यात्रियों को मिलेगा फायदा

शिवाजी स्टेडियम स्टेशन के तैयार होने के बाद मध्य दिल्ली के विभिन्न इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। सरकारी और निजी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिल सकता है।

इसके अलावा गुरुद्वारा बंगला साहिब आने वाले श्रद्धालुओं और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी नया स्टेशन काफी उपयोगी साबित होने की संभावना है। शिवाजी स्टेडियम स्टेशन के निर्माण की जिम्मेदारी एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को दी गई है। परियोजना के पूरा होने के बाद मध्य दिल्ली में विभिन्न मेट्रो कॉरिडोर के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!