Delhi Murder: पैसे देने से किया मना तो तीन लोगों को मारा चाकू, दो की मौत, आरोपी फरार

आदर्श नगर में सोमवार देर रात रुपये देने से इन्कार करने पर एक युवक ने तीन लोगों को चाकू मार दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकला

आदर्श नगर में सोमवार देर रात रुपये देने से इन्कार करने पर एक युवक ने तीन लोगों को चाकू मार दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बाद में तीनों घायलों को बाबू जग जीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतकों की पहचान राहुल और अमजद से हुई है। वारदात में आबिद नामक के युवक के हाथ में चाकू लगा। उसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद कमल और अमजद के शव घरवालों को सौंप दिए। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस हमलावर की तलाश जारी है।

उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने कहा कि कमल घरवालों के साथ महेंद्र पार्क की गली नंबर-25 में रहता था। घर में पिता उजिन पीटर रिचर्ड और मां शारदा है। कमल टेंपो चालक था। वहीं अमजद परिवार के साथ शकूरपुर में रहता था। परिवार में पिता सरफराज हुसैन व अन्य सदस्य हैं। सोमवार देर रात को वह प्लास्टिक का कबाड़ लेकर फैक्टरी में जा रहे थे।

इनके साथ आबिद नामक युवक भी था। इस बीच आजादपुर की लाल बत्ती पर एक युवक ने इनसे रुपये मांगे तो इन्होंने मना कर दिया। इस बात पर उसकी अमजद से कहासुनी हो गई। अमजद टेंपो से नीचे उतरा तो युवक ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया। कमल उसकी मदद को उतरा तो युवक ने उसे भी चाकू मार दिया।

आबिद भी दोनों को बचाने नीचे उतरा तो आरोपी युवक ने उस पर भी हमले का प्रयास किया, लेकिन उसने हाथ से चाकू पकड़ने का प्रयास किया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह कट गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस को खबर मिली तो तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां कमल व अमजद को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद हुआ है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। अभी तक की जांच में पता चला है कि आरोपी बेघर है। वह इधर-उधर सड़क पर ही रात बिताता है।

 

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!