Delhi-NCR: झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव ने बढ़ाई मुश्किल!
दिल्ली-एनसीआर में जन्माष्टमी से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। सुबह से ही कई इलाकों में तेज बारिश, काले बादल और बिजली की गरज....

दिल्ली-एनसीआर में जन्माष्टमी से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। सुबह से ही कई इलाकों में तेज बारिश, काले बादल और बिजली की गरज ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
कई शहरों में सुबह से बारिश
शनिवार तड़के दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रेवाड़ी के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। सुबह काम के लिए निकलने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को बारिश के बीच अपनी यात्रा करनी पड़ी। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी कमी आई है। मौसम में बदलाव के साथ कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। हालांकि, जलभराव के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी।
अगले 24 से 48 घंटे भी अहम
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की सक्रियता और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के चलते दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले एक से दो दिनों के दौरान भी आसमान में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में निचले इलाकों और जलभराव वाले रास्तों पर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
फरीदाबाद में सभी निगरानी केंद्रों पर बारिश
फरीदाबाद जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान सभी निगरानी केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। तिगांव में सबसे ज्यादा 39 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा धौज में 19 मिमी, दयालपुर में 14 मिमी, बडखल में 14 मिमी, गौंची में 14 मिमी, फरीदाबाद में 9 मिमी, बल्लभगढ़ में 8 मिमी और मोहना में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।
गुरुग्राम में भारी बारिश का अलर्ट
गुरुग्राम में भी मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश की संभावना जताई है। चेतावनी के अनुसार, कुछ इलाकों में बारिश की रफ्तार 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक रह सकती है। इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। लोगों को जलभराव वाली सड़कों, अंडरपास और निचले इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। साथ ही पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले बिजली के तारों के आसपास जाने से बचने को कहा गया है।









