Delhi News: चावड़ी बाजार में अचानक ढही 3 मंजिला इमारत, मलबे में दबे लोग

राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस...

Delhi News:  राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुट गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरने के दौरान जोरदार आवाज सुनाई दी। देखते ही देखते आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग घबरा गए।

तेज आवाज के साथ ढही तीन मंजिला इमारत

स्थानीय निवासी मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि उनकी रिहायश घटनास्थल के पास ही है। उनके अनुसार, गली में दो से तीन मंजिला नई इमारत का निर्माण किया जा रहा था। अचानक बिल्डिंग गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। उन्होंने यह भी बताया कि आसपास की अन्य इमारतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

सुबह 9:50 बजे मिली हादसे की सूचना

दमकल विभाग को गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कुछ ही समय बाद एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां निर्माण का काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि यह दुर्घटना चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने हुई। अधिकारियों के अनुसार, मलबे के अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।

एसओ डीके राय ने बताया कि तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई है। आशंका है कि इसके मलबे में लोग दबे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!