Delhi News: छात्रा ने विरोध किया तो SUV से पीछा, वीडियो बनाते ही फरार

दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने कार सवार युवकों पर छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी और पीछा करने का आरोप.....

Delhi News:  दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने कार सवार युवकों पर छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी और पीछा करने का आरोप लगाया है। छात्रा के मुताबिक, विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और धमकी भी दी।

टी-शर्ट को लेकर की गई टिप्पणी

छात्रा ने बताया कि वह रात करीब 9:30 बजे अपनी सहेली के साथ हकीकत पार्क मोड़ से ओल्ड गुप्ता चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक एसयूवी में सवार कुछ युवकों ने उसकी टी-शर्ट को लेकर टिप्पणी की। टी-शर्ट पर ‘अर्बन माइंडसेट’ लिखा हुआ था। इसके बाद आरोप है कि कार में बैठे युवकों ने अश्लील टिप्पणी की। छात्रा और उसकी सहेली ने इसका विरोध करते हुए बदतमीजी न करने को कहा, लेकिन युवकों ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

शिकायत की बात पर कथित धमकी

छात्रा के अनुसार, उसने आरोपियों को पुलिस में शिकायत करने और उनकी कार की तस्वीर लेने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उसे धमकाया। दोनों छात्राएं वहां से आगे बढ़ने लगीं, लेकिन एसयूवी सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर एक चौराहे के पास कार को छात्राओं के सामने रोकने का भी आरोप है। छात्रा के मुताबिक, कार में मौजूद युवकों ने शीशे नीचे कर फिर से उनके साथ गाली-गलौज की।

मोबाइल कैमरा देखते ही फरार हुए युवक

स्थिति को देखते हुए छात्रा ने मोबाइल निकालकर घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की। आरोप है कि मोबाइल कैमरा देखते ही युवक कार लेकर तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद छात्रा ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!