Delhi News: दिवाली पर बाजारों में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, इन पर होगी सख्ती
दीपावली के दौरान दिल्ली के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सड़कों पर लगने वाले जाम और...

Delhi News: दीपावली के दौरान दिल्ली के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सड़कों पर लगने वाले जाम और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना पुलिस के लिए अहम चुनौती होगी। इससे निपटने के लिए उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ अवैध पार्किंग और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बाजारों में भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए रामलीला के दौरान अपनाई गई सुरक्षा रणनीति को आधार बनाया जाएगा। पुलिस की नजर खासतौर पर उन इलाकों पर रहेगी, जहां त्योहार के दौरान वाहनों और खरीदारों की आवाजाही अधिक रहती है। सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने और दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इन वजहों से बाजारों में यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति पैदा होती है।
यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मिलकर काम करेंगी। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, जो वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेंगे। दूसरी ओर, स्थानीय थानों की पुलिस बाजारों के अंदर और आसपास गश्त करेगी। इस दौरान अवैध पार्किंग, रेहड़ी-पटरी से होने वाले अतिक्रमण और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने इस अभियान में स्थानीय लोगों और बाजार संगठनों को भी शामिल करने की योजना बनाई है। इसके लिए आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाओं, पुलिस मित्र और व्यापारिक संगठनों की मदद ली जाएगी। भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख चौराहों पर वॉलंटियर्स की तैनाती की जाएगी। ये स्वयंसेवक पुलिस के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग करेंगे और लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों के बारे में जानकारी देंगे।
पुलिस को उम्मीद है कि इन इंतजामों से त्योहार के दौरान बाजारों में वाहनों का दबाव कम होगा और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम की परेशानी से राहत मिलेगी।









