नए साल पर दिल्ली अलर्ट मोड में, CP-इंडिया गेट पर ट्रैफिक पाबंदियां लागू
नए साल 2026 के स्वागत से पहले दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।

नए साल 2026 के स्वागत से पहले दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। 31 दिसंबर की रात को होने वाले जश्न को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख इलाकों—खासतौर पर कनॉट प्लेस और इंडिया गेट—में वाहनों की आवाजाही पर सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये प्रतिबंध भीड़ नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगाए जा रहे हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर को शाम 7 बजे से कनॉट प्लेस क्षेत्र में सभी प्रकार के निजी और सार्वजनिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था जश्न समाप्त होने तक लागू रहेगी। केवल वैध पास वाले वाहनों को ही आंतरिक, मध्य और बाहरी सर्कल में प्रवेश की अनुमति होगी।
इन रास्तों से कनॉट प्लेस की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन
ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख चौराहों और सड़कों को सील करने का फैसला लिया है। इनमें मंडी हाउस गोलचक्कर, बंगाली मार्केट, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग क्रॉसिंग, चेम्सफोर्ड रोड, आर.के. आश्रम मार्ग, गोल मार्केट, पटेल चौक, फिरोजशाह रोड, जय सिंह रोड-बंगला साहिब लेन और विंडसर प्लेस जैसे इलाके शामिल हैं। इन सभी स्थानों से आगे केवल पास धारकों को ही जाने दिया जाएगा।
कनॉट प्लेस के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल
भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस ने कनॉट प्लेस आने वालों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए हैं। वाहन चालक गोल डाकखाना, काली बाड़ी मार्ग, पंडित पंत मार्ग, भाई वीर सिंह मार्ग, रकाबगंज रोड, कोपरनिकस मार्ग, मिंटो रोड, आर.के. आश्रम मार्ग, पंचकुइयां रोड, बंगाली मार्केट के पास बाबर रोड, तानसेन मार्ग, रायसीना रोड, जंतर-मंतर रोड और गोले मार्केट क्षेत्र में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के वैकल्पिक मार्ग
दक्षिणी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। यात्री रानी झांसी रोड, मंदिर मार्ग, डीडीयू मार्ग, भवभूति मार्ग और देशबंधु गुप्ता रोड का उपयोग कर सकते हैं। कनॉट प्लेस की ओर से चेम्सफोर्ड रोड के जरिए प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम आवागमन के लिए रूट
आईएसबीटी से आश्रम जाने वाले लोग रिंग रोड या बहादुर शाह जफर मार्ग और मथुरा रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं पूर्व से पश्चिम दिशा में जाने वाले वाहन रिंग रोड, भैरों रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट और शंकर रोड के रास्ते आवाजाही कर सकेंगे।
इंडिया गेट क्षेत्र में भी सख्ती
इंडिया गेट और उसके आसपास के इलाकों में भी नए साल की पूर्व संध्या पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। पैदल यात्रियों की संख्या बढ़ने पर सी-हेक्सागन और इंडिया गेट से वाहनों को पूरी तरह डायवर्ट किया जा सकता है। क्यू-पॉइंट, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, जनपथ, विंडसर प्लेस, राजेंद्र प्रसाद रोड और मंडी हाउस जैसे इलाकों में ट्रैफिक नियंत्रण किया जाएगा।
मथुरा रोड पर जाम की आशंका
दिल्ली चिड़ियाघर और प्रगति मैदान क्षेत्र में भीड़ बढ़ने की संभावना के चलते मथुरा रोड पर यातायात दबाव रह सकता है। पुलिस ने लोगों को हजरत निजामुद्दीन और प्रगति मैदान के बीच भैरों रोड और मथुरा रोड से बचने की सलाह दी है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। शराब पीकर वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, तेज रफ्तार पर धारा 112/183 और खतरनाक ड्राइविंग या स्टंट बाइकिंग पर धारा 184 के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
पुलिस की अपील
नई दिल्ली रेंज के ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों की बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि इंडिया गेट के आसपास पार्किंग सीमित है, इसलिए अनावश्यक वाहन लेकर न आएं। साथ ही, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हेल्पलाइन नंबरों के जरिए ट्रैफिक अपडेट लेते रहें, ताकि नए साल का जश्न सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके।









