Delhi Police Protest: ACP के ट्रांसफर पर बवाल, पुलिसकर्मी वकीलों के खिलाफ उतरे सड़क पर

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा थाने में पुलिसकर्मियों और कड़कड़डूमा कोर्ट के वकीलों के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया है। ACP.....

Delhi Police Protest: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा थाने में पुलिसकर्मियों और कड़कड़डूमा कोर्ट के वकीलों के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया है। ACP मनस्वी वशिष्ठ के तबादले के विरोध में दिल्ली पुलिस के जवानों ने मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस विरोध में शाहदरा, उत्तर-पूर्वी और पूर्वी दिल्ली समेत अलग-अलग इलाकों के करीब 20 पुलिसकर्मी शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व ACP मनस्वी वशिष्ठ कर रहे हैं, जिनका वकीलों के साथ विवाद के बाद तबादला कर दिया गया था।

ACP की शिकायत पर वकीलों के खिलाफ FIR

26 अक्टूबर को ACP मनस्वी वशिष्ठ की शिकायत के आधार पर शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास, सदस्य विशाल शर्मा, विवेक पांडेय और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। इन पर सरकारी कर्मचारी को धमकाने, अभद्रता करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप लगाए गए थे।

इसके अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को वकीलों ने पुलिस के खिलाफ काम बंद हड़ताल शुरू कर दी थी। यह हड़ताल दो दिनों तक चली। इसके बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के SHO का तबादला कर दिया गया। पुलिसकर्मियों का आरोप है कि वकीलों की हड़ताल के दबाव में अधिकारियों ने यह फैसला लिया।

पुलिसकर्मियों ने उठाए कार्रवाई पर सवाल

प्रदर्शन कर रहे जवानों का कहना है कि अदालत परिसर में कई बार पुलिसकर्मियों के साथ वकीलों द्वारा दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं होती हैं। उनका आरोप है कि ऐसे मामलों में वकीलों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिसकर्मियों पर ही विभागीय कार्रवाई कर दी जाती है। इसी के विरोध में वे अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

ACP ने शिकायत में बताई थी पूरी घटना

ACP मनस्वी वशिष्ठ ने शाहदरा थाने में दी गई शिकायत में बताया था कि 24 अक्टूबर को हेड कॉन्स्टेबल अमित मलिक एक मामले के सिलसिले में कड़कड़डूमा कोर्ट गए थे। वहां कुछ वकीलों ने उन्हें घेर लिया और 23 अक्टूबर को थाने में दर्ज एक मामले को लेकर उनसे बहस की।

शिकायत के मुताबिक, कुछ समय बाद शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास 10 से 15 वकीलों के साथ थाने पहुंचे। आरोप है कि वकीलों ने SHO अरुण कुमार के कमरे में जाकर उनके साथ अभद्रता की और उनका हाथ खींचने की कोशिश की। इसके अलावा कोर्ट में आने पर पिटाई करने की धमकी देने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का प्रयास करने के आरोप भी लगाए गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV फुटेज

23 और 24 अक्टूबर को थाने में हुए घटनाक्रम के CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दोनों पक्ष इन वीडियो के आधार पर अपने साथ हुई कथित बदसलूकी के आरोपों को सामने रख रहे हैं।

पार्किंग विवाद से शुरू हुआ था पूरा मामला

शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास के मुताबिक, विवाद की शुरुआत 23 अक्टूबर को हुई थी। उनका कहना है कि वकील ललित बंसल शाहदरा मार्केट गए थे, जहां पार्किंग को लेकर हुए विवाद में दो लोगों ने उन पर हमला कर दिया था। इस हमले में उनका सिर फट गया था।

डबास का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में मोटी रकम लेकर उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 24 अक्टूबर को थाने पहुंचे वकीलों को ACP ने पिस्टल दिखाकर डराया और उनके साथ गालीगलौज की।

हालांकि, ACP मनस्वी वशिष्ठ ने वकीलों की ओर से लगाए गए इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था। इस तरह पार्किंग विवाद से शुरू हुआ मामला अब पुलिस और वकीलों के बीच बड़े टकराव का रूप ले चुका है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!