Delhi Politics: जंतर-मंतर से केजरीवाल का भाजपा पर हमला, जानिए मामला

अपने खिलाफ चले कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उन्हें और उनकी सरकार को निशाना बनाया गया।

Delhi Politics: आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ी रैली आयोजित की, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि जंतर-मंतर वही स्थान है, जहां 4 अप्रैल 2011 को भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत हुई थी और उसके बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। उन्होंने दावा किया कि अब इसी जगह से भाजपा के खिलाफ राजनीतिक अभियान की शुरुआत हो रही है और आज से उसकी “उल्टी गिनती” शुरू हो गई है।

केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 2014 में जनता ने नरेंद्र मोदी को भारी बहुमत के साथ सत्ता सौंपी थी, लेकिन एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आम लोगों के जीवन में बुनियादी सुविधाओं के स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं दिखता। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई हिस्सों में सड़क, पानी, सीवर और 24 घंटे बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। प्रदूषण को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि हालात सुधरने के बजाय कई जगहों पर और खराब हुए हैं।

विदेशी उदाहरणों का हवाला देते हुए केजरीवाल ने कहा कि दुबई, अमेरिका, टोक्यो, जर्मनी और फ्रांस जैसे देशों में बुनियादी ढांचा काफी विकसित है और वहां यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चलती है। इसके विपरीत, उन्होंने दावा किया कि देश के कई हिस्सों में कम दूरी तय करने में भी लोगों को घंटों लग जाते हैं। प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कुछ अंतरराष्ट्रीय शहरों ने प्रदूषण पर नियंत्रण पाया है, जबकि उत्तर भारत के कई इलाकों में लोग खराब हवा की समस्या से जूझ रहे हैं।

अपने खिलाफ चले कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उन्हें और उनकी सरकार को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि अदालत की टिप्पणियों से स्पष्ट है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में ठोस सबूत नहीं मिले। केजरीवाल ने कहा कि लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान उनके खिलाफ एक रुपये का भी भ्रष्टाचार साबित नहीं हुआ है।

दिल्ली की भाजपा सरकार पर भी उन्होंने आरोप लगाए। उनका कहना था कि एक साल के भीतर कई वादे पूरे नहीं किए गए। बस मार्शलों को नियमित करने और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने जैसे मुद्दों पर उन्होंने सवाल उठाए। साथ ही दावा किया कि आप सरकार के कार्यकाल में दिल्ली में बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहतर थी, जबकि अब समस्याएं बढ़ी हैं।

रैली के दौरान केजरीवाल ने यह भी कहा कि यदि वर्तमान समय में चुनाव कराए जाएं तो भाजपा को दिल्ली में अपेक्षित सफलता नहीं मिलेगी। हालांकि, इन आरोपों और दावों पर भाजपा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।

यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!