दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप, जल्द ही बदलेगा मौसम मिज़ाज

दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन ही नहीं, रातें भी लगातार गर्म होती जा रही हैं।

दिल्ली।

दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन ही नहीं, रातें भी लगातार गर्म होती जा रही हैं। रविवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने हालात ऐसे बना दिए कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय तो मानो आग बरस रही हो, वहीं रात में भी गर्म हवाओं के चलते राहत नहीं मिल सकी।

मौसम विभाग ने पहले ऑरेंज और बाद में लू का यलो अलर्ट जारी किया। इस दौरान अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार पांच दिनों से तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है, जबकि कई इलाकों में पारा 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया, जिससे लू के हालात बने रहे।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तीन दिनों में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, लेकिन फिर करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। आने वाले तीन दिनों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा।

राजधानी के कई हिस्सों में लू का असर लगातार तीसरे दिन भी महसूस किया गया और अगले 24 घंटों तक इसके जारी रहने की आशंका है। हालांकि, निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर पूर्वी हवाओं के प्रभाव से 28 अप्रैल से तापमान में गिरावट और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।

आने वाले दिनों में दिल्ली में गर्मी और बदलते मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दिन आंशिक बादल छाए रहेंगे, लू जारी रहेगी और दोपहर बाद गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि झोंकों में यह 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

28 अप्रैल को मौसम में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान घटकर 40 से 42 डिग्री के बीच आ सकता है, जबकि न्यूनतम 27 से 29 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दिन बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

29 अप्रैल को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जहां अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री के बीच रहेगा। बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

30 अप्रैल को तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिन में आंशिक बादल रहेंगे और शाम को गरज के साथ बादल बन सकते हैं।

वहीं 1 और 2 मई को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इन दिनों आसमान साफ रहेगा और हवाएं सामान्य गति से चलेंगी, जिससे मौसम अपेक्षाकृत स्थिर बना रह सकता है।

यह भी पढ़े : दिल्ली में 5 करोड़ की कोकीन बरामद, इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!