Delhi Transport: दिल्ली में शुरू हुई ‘राही’ बस सेवा! राष्ट्रपति भवन से मेट्रो तक फ्री सफर
दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों और वहां रहने वाले लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई है।

दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों और वहां रहने वाले लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई है। ‘राही’ नाम से शुरू की गई यह सेवा राष्ट्रपति भवन को नजदीकी मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है। खास बात यह है कि बसों का संचालन महिला ड्राइवरों और कंडक्टरों द्वारा किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य रोजाना आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुलभ परिवहन उपलब्ध कराना है। सेवा में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है। बसों को व्हीलचेयर के अनुकूल बनाया गया है, जिससे दिव्यांग यात्रियों के लिए सफर आसान हो सके।
राष्ट्रपति भवन पीएमजी के अधीक्षक सुनीत कुमार ने इस पहल को लोगों की सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और वरिष्ठ अधिकारियों ने एस्टेट में रहने वाले लोगों की आवागमन संबंधी परेशानियों को समझते हुए इस सुविधा की जरूरत पर ध्यान दिया।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति भवन एस्टेट के भीतर ‘मित्र कैफे’ भी संचालित किया जा रहा है, जिसे दिव्यांगजन चला रहे हैं। इसी तरह ‘राही’ बस सेवा को भी दिव्यांग यात्रियों के लिए सुलभ बनाया गया है।
मुफ्त इलेक्ट्रिक बस सेवा के जरिए एस्टेट के कर्मचारियों और निवासियों को सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इस सेवा से खास तौर पर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की रोजमर्रा की यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया है।









