Delhi Weather News: दिल्ली में गर्मी की दस्तक, दिन में तेज धूप से बुरा हाल
दिल्ली-एनसीआर में मौसम अब धीरे-धीरे करवट ले रहा है और सर्दी का असर कम होता दिख रहा है। दिन के समय तेज धूप निकलने लगी है

Delhi Weather News: दिल्ली-एनसीआर में मौसम अब धीरे-धीरे करवट ले रहा है और सर्दी का असर कम होता दिख रहा है। दिन के समय तेज धूप निकलने लगी है, जिसके कारण लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। दोपहर के वक्त अब ज्यादातर लोग बिना स्वेटर और जैकेट के नजर आ रहे हैं। हालांकि, सुबह और शाम के समय हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है।
रविवार को पूरे दिन धूप खिली रही और हल्की हवा चलने से मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, हाल ही में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता का स्तर भी उतार-चढ़ाव भरा रहा, जहां अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम 39 प्रतिशत दर्ज की गई।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान में हल्का अंतर देखने को मिला। रिज क्षेत्र में 13 डिग्री, आया नगर में 12.2 डिग्री, लोधी रोड में 12 डिग्री और पालम में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों की बात करें तो 25 और 26 फरवरी को हवा की रफ्तार तेज रहने की संभावना है। इन दिनों 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 27 फरवरी को हवा की गति घटकर 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। 28 फरवरी को फिर से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
पूरे सप्ताह मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। न तो बादल छाने के आसार हैं और न ही बारिश की संभावना है। न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 23 से 25 फरवरी के बीच पारा 29 से 31 डिग्री तक रह सकता है। 26 फरवरी को यह 30 से 32 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 27 और 28 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









