दिल्ली में हवा फिर से ज़हरीली, कई इलाकों में AQI 400 के पार
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार सुबह शहर में घना स्मॉग और धुंध देखने को.....

दिल्ली में हवा फिर से ज़हरीली, कई इलाकों में AQI 400 के पार
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार सुबह शहर में घना स्मॉग और धुंध देखने को मिली, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और दृश्यता भी काफी कम रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह के समय दिल्ली का औसत AQI 381 दर्ज किया गया, जबकि शहर के कई इलाकों में यह 400 से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। यह स्थिति “सीवियर” यानी बेहद गंभीर श्रेणी में आती है।
दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में AQI इस प्रकार दर्ज किया गया-
आनंद विहार में 406,अशोक विहार में 410, बवाना में 403, चांदनी चौक में 438, आईटीओ में 402, जहांगीरपुरी में 426 और पंजाबी बाग में 405।
इतनी खराब हवा का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। सुबह के समय कई लोग मास्क पहनकर बाहर निकलते नजर आए।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के प्रदूषण में लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। बाहर जाना जरूरी हो तो मास्क पहनें और स्वास्थ्य से जुड़ी सावधानियों का पालन करें। फिलहाल दिल्ली में प्रदूषण का स्तर चिंता बढ़ा रहा है और लोगों को अपनी सेहत को लेकर अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है।









