Fatehpur Beri Fire Incident : टेंट गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

जौनापुर इलाके में देर रात लगी आग से चार गोदाम जलकर खाक, 11 फायर टेंडर की मदद से कई घंटों बाद पाया गया कंट्रोल

Fatehpur Beri Fire Incident : टेंट गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

Fatehpur Beri Fire Incident: जौनापुर इलाके में देर रात लगी आग से चार गोदाम जलकर खाक, 11 फायर टेंडर की मदद से कई घंटों बाद पाया गया कंट्रोल

दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके के जौनापुर क्षेत्र में देर रात एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जब टेंट के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना रात करीब 1 बजे के आसपास हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चार गोदाम इसकी चपेट में आ गए।

मिली जानकारी के अनुसार, जिन गोदामों में आग लगी उनमें शादी और इवेंट में इस्तेमाल होने वाला सजावटी सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था। एक गोदाम करीब 1000 वर्ग गज में फैला था, जबकि बाकी तीन गोदाम लगभग 500-500 वर्ग गज के थे। ज्वलनशील सामान होने की वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड तुरंत एक्शन में आया और मौके पर करीब 11 फायर टेंडर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में करीब 7 से 8 घंटे का समय लगा, जिसके बाद कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया। इस हादसे में करोड़ों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। एक गोदाम मालिक के अनुसार, लगभग 2.5 करोड़ रुपये तक का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों की चपेट में आने से आसपास खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा, जिसमें एक पुरानी कार भी शामिल बताई जा रही है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर सामने नहीं आई है। समय रहते इलाके को खाली करा लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फायर विभाग दोनों मिलकर पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग काफी भयानक थी और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। दमकल विभाग की तत्परता और तेजी से कार्रवाई के चलते स्थिति को समय रहते कंट्रोल कर लिया गया, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

ये भी पढ़े : Harish rana death: सालों बाद खत्म हुआ संघर्ष, हरीश राणा ने ली अंतिम सांस

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!